इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के लिए टीमों ने उन खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी है, जिन्हें वे रिटेन करने जा रही हैं। रोचक बात यह है कि चार टीमों ने अपने पिछले कप्तानों को ही रिटेन नहीं किया है। दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत को, कोलकाता नाइट राइडर्स ने पिछले सीजन के विजेता कप्तान श्रेयस अय्यर को, लखनऊ सुपर जाएंट्स ने के एल राहुल को और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने फाफ डुप्लेसिस को रिटेन नहीं किया है। इसका मतलब है कि ये सारे खिलाड़ी इस बार मेगा ऑक्शन में नीलामी के लिए उपलब्ध होंगे।

 

एक रोचक बात और है कि पंजाब सुपर किंग्स ने सिर्फ दो और आरसीबी ने सिर्फ ही खिलाड़ियों को रिटेन किया है। वहीं, केकेआर और  राजस्थान रॉयल्स ने 6-6 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। LSG, मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस, सनजराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपरकिंग्स ने पांच-पांच खिलाड़ियों को रिटेन किया है। रोहित शर्मा, विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर से अपनी पुरानी टीम के साथ ही खेलते नजर आएंगे। मुंबई इंडियंस ने अपनी कोर को रिटेन रखते हुए जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, सूर्य कुमार यादव, रोहित शर्मा को तिल वर्मा को अपने ही पास रखा है।

 


CSK का धांसू दांव

आईपीएल के पहले सीजन में सबसे महंगे खिलाड़ी बने महेंद्र सिंह धोनी के लिए तब सबसे ज्यादा 6 करोड़ रुपये की बोली लगी थी। वही महेंद्र सिंह धोनी इस बार 4 करोड़ रुपये में अनकैप्ड प्लेयर के तौर पर रिटेन किए गए हैं। CSK ने ऋतुराज गायकवाड़ और रवींद्र जडेजा को 18-18 करोड़, शिवम दुबे को 12 करोड़ और मथीशा पथिराना को 13 करोड़ रुपये में रिटेन किया है।

 

दिल्ली कैपिटल्स ने अपने पिछले कप्तान ऋषभ पंत को छोड़कर अक्षर पटेल को 16.5 करोड़, कुलदीप यादव को 13.25 करोड़, ट्रिस्टन स्टब्स को 10 करोड़ और अभिषेक पोरेल को 4 करोड़ में रिटेन किया है। रिटेंशन की लिस्ट में सबसे महंगे विराट कोहली  (RCB) और निकोलस पूरन (LSG) हैं। इन दोनों ही खिलाड़ियों को 21-21 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया है।


पंजाब ने बचाए पैसे, कई टीमों का बजट हुआ कम

 

पंजाब किंग्स ने सिर्फ 2 खिलाड़ियों को रिटेन करते हुए अपने पास 110.5 करोड़ रुपये बचा लिए हैं जिनका इस्तेमाल वह मेगा ऑक्शन में कर सकता है। वहीं, RCB के पास 83 करोड़, दिल्ली कैपिटल्स के पास 73 करोड़, लखनऊ सुपर जाएंट्स और गुजरात टाइटंस के पास 69-69 करोड़, CSK के पास 55 करोड़, KKR के पास 51 करोड़, SRH और MI के पास 45-45 करोड़ और राजस्थान रॉयल्स के पास 41 करोड़ रुपये बचे हैं। अब इन टीमों को बाकी के खिलाड़ी इतने ही बजट में खरीदने होंगे।