भारतीय कप्तान शुभमन गिल का बल्ला इंग्लैंड में गरज रहा है। शुभमन ने लीड्स टेस्ट की पहली पारी में यादगार शतक ठोका था। अब उन्होंने एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में भी सेंचुरी जड़ दिया है। शुभमन ने 80वें ओवर की आखिरी दो गेंदों पर चौका जड़कर स्टाइल से अपना शतक पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। 

 

कोहली बर्मिंघम के एजबेस्टन में टेस्ट शतक जड़ने वाले इकलौते भारतीय कप्तान थे। शुभमन उनके बराबर पहुंच गए हैं। इतना ही नहीं शुभमन बतौर कप्तान पहले दो टेस्ट मैचों में दो शतक जड़ने वाले चौथे भारतीय कप्तान बने हैं। उन्होंने यह कारनामा करने वाले विजय हजारे, सुनील गावस्कर और विराट कोहली जैसे दिग्गजों की लिस्ट में जगह बना ली है।

 

यह भी पढ़ें: फ्रेंच ओपन चैंपियन विंबलडन में पहले राउंड से बाहर, तीसरी बार हुआ ऐसा

 

शुभमन की सेंचुरी से भारत मजबूत

5 टेस्ट मैचों की सीरीज में 0-1 से पिछड़ रही भारतीय टीम को इंग्लैंड ने एजबेस्टन में पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। केएल राहुल 2 रन बनाकर चलते बने। नंबर 3 पर उतरे करुण नायर के बल्ले से 31 रन निकले। ओपनर यशस्वी जायसवाल ने 107 गेंद में 87 रन की पारी खेली। ऋषभ पंत (25) और नीतीश कुमार रेड्डी (1) 9 गेंद के अंतराल में पवेलियन लौटे। 211 रन पर 5 विकेट गिरने के बाद शुभमन गिल ने रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर पारी को संभाला।

 

यह भी पढ़ें: अगले IPL में नहीं खेल पाएगी RCB? BCCI ने उठाया बड़ा कदम

 

शुभमन ने 199 गेंद में अपनी सातवीं टेस्ट सेंचुरी पूरी की। इस दौरान उन्होंने डिफेंस और आक्रामकता का बेहतरीन मुजायरा पेश किया। शुभमन ने शतक जड़ने के बाद सतर्कता से बल्लेबाजी करते हुए दिन का खेल खत्म होने तक भारत को और नुकसान नहीं होने दिया। स्टंप्स तक टीम इंडिया का स्कोर 310/5 है। शुभमन 114 रन बनाकर डटे हुए हैं। जडेजा 41 रन पर नाबाद हैं। दोनों के बीच 99 रन की साझेदारी हो चुकी है।