रणजी ट्रॉफी 2024-25 सीजन के छठे राउंड के मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने मुंबई की हालत खराब कर दी है। पहली पारी के आधार पर 86 रन की बढ़त हासिल करने वाली जम्मू-कश्मीर की टीम ने मैच के दूसरे दिन (24 जनवरी) लंच तक मुंबई की आधी टीम समेट दी है। मुंबई ने अपनी दूसरी पारी में अच्छी शुरुआत की थी। रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल की ओपनिंग जोड़ी ने अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। इसके बाद युद्धवीर सिंह ने कहर ढाते हुए मुंबई के दोनों सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेज उनके शीर्ष क्रम को झकझोर दिया।

 

जम्मू एक्सप्रेस की कातिलाना गेंदबाजी

 

27 साल के युद्धवीर सिंह ने पहली पारी में 4 विकेट झटके थे, जिसमें श्रेयस अय्यर का भी बड़ा विकेट शामिल था। उन्होंने दूसरी पारी में आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे रोहित शर्मा (28) को आबिद मुश्ताक के हाथों लपकवाया। रोहित 54 के कुल स्कोर पर आउट हुए। अगले ओवर में युद्धवीर ने यशस्वी जायसवाल (26) को भी चलता कर दिया। उनकी धारदार गेंदबाजी की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने मुकाबले पर शिकंजा कस लिया है।

 

युद्धवीर का जन्म जम्मू में हुआ था। वह आईपीएल में मुंबई इंडियंस का भी हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से 5 आईपीएल मैच खेले हैं, जिसमें 4 विकेट झटके हैं। युद्धवीर आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते दिखेंगे। राजस्थान ने उन्हें मेगा ऑक्शन में 35 लाख रुपए में खरीदा था।

 

जम्मू-कश्मीर ऐतिहासिक जीत की ओर

 

बांद्रा कुर्ला कॉम्पलेक्स में खेले जा रहे इस मुकाबले के पहले दिन (23 जनवरी) जम्मू-कश्मीर ने मुंबई को 120 रन पर ढेर कर दिया था। इसके बाद जम्मू-कश्मीर ने दिन का खेल खत्म होने तक 7 विकेट के नुकसान पर 174 रन बना लिए। दूसरे दिन उनकी पारी 206 रन पर सिमटी। उन्हें पहली पारी के आधार पर 86 रन की मजबूत लीड मिली। इस बढ़त को उतारने आई मुंबई ने एक समय बिना किसी नुकसान के 54 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद जम्मू-कश्मीर के पेसर्स ने उन्हें लगातार झटके दिए। लंच ब्रेक तक मुंबई का स्कोर 86/5 है। क्रीज पर कप्तान अजिंक्य रहाणे मौजूद हैं।

 

मुंबई के लिए यहां से मुकाबला बचाना आसान नहीं है। क्योंकि जम्मू-कश्मीर को एक सम्मानजनक टारगेट देने के लिए उनके पास सिर्फ 5 विकेट ही बचे हुए हैं। अगर जम्मू-कश्मीर की टीम मुंबई को हरा देती है तो यह बड़ा उलटफेर होगा। मुंबई को घरेलू क्रिकेट की सबसे मजबूत टीमों में गिना जाता है। उन्होंने पिछले साल रिकॉर्ड 42वीं बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता था।