ओडिशा के पुरी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसे देखकर पूरा मोहल्ला भौंचक्का रह गया। पुरी जिले के चंपागड़ा साही गांव में 12 साल की एक बच्ची रहती थी। इस बच्ची के बालों में जूं की समस्या थी। बालों में जूं होने के कारण अब उसकी मौत हो गई है। सिर में जूं होना कई लोगों के लिए आम बात मानी जाती है, लेकिन इस घटना ने यह साबित कर दिया कि जूं सिर्फ आम रोग नहीं, बल्कि एक खतरनाक बीमारी भी बन सकती है, जिससे लोगों को गंभीर खामियाजा झेलना पड़ सकता है।
मृत लड़की का नाम लक्ष्मी प्रिया साहू है, जो कक्षा 6 में पढ़ती थी। लक्ष्मी के परिवार वालों ने बताया कि लक्ष्मी प्रिया पिछले कई महीनों से सिर में जूं की समस्या से जूझ रही थी। शुरुआत में उन्होंने इसे आम समस्या समझकर ध्यान नहीं दिया, लेकिन समय के साथ लक्ष्मी प्रिया के सिर में जूं की समस्या बढ़ती चली गई। इन जुंओं ने लक्ष्मी प्रिया की खोपड़ी को बेहद बुरी तरह से नुकसान पहुंचाया, जिसकी वजह से उसकी जान चली गई।
यह भी पढ़ें: अफीम खाकर तोते हो रहे नशेड़ी, तारों पर लटककर करते हैं अजीब हरकतें
लापरवाही के कारण हुई मौत
लक्ष्मी प्रिया की मां ने उसे बाल जड़ से कटवाने का सुझाव दिया था। लक्ष्मी ने बाल मुंडवाने से मना कर दिया था, क्योंकि उसे लगता था कि उसके दोस्त उसे गंजी बोलकर चिढ़ाएंगे। जूं की समस्या उसके बालों में बढ़ती गई और उसके सिर पर गंभीर घाव बनते चले गए।
समय के साथ उसके सिर के बालों में जूं सबको दिखने लगे, जिससे लक्ष्मी प्रिया को शर्म आने लगी। इस वजह से उसने घर से निकलना बंद कर दिया और वह हमेशा घर में ही रहने लगी। धीरे-धीरे बालों में जूं का संक्रमण इतना बढ़ गया कि उसके सिर से बदबू आने लगी, लेकिन तब भी परिवार वालों ने उसे डॉक्टर को दिखाने की ज़हमत नहीं उठाई।
यह भी पढ़ें: दिन में इंजीनियर, रात में चोर, इस शख्स के कांड से पुलिस भी हैरान
कब हुई मृत्यु
लक्ष्मी की मां ने बताया कि जूं की समस्या की वजह से तीन दिन पहले लक्ष्मी की तबीयत बहुत खराब हो गई थी, जिसके बाद उसे पुरी के जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के डॉक्टर बच्ची की जान बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन तब तक संक्रमण इतना फैल चुका था कि डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा पाए।
जूं का कैसे करें निदान
बालों में जूं अक्सर गंदगी की वजह से होते हैं, इसलिए व्यक्ति को कोशिश करनी चाहिए कि बाल हमेशा साफ रहें। बालों को साफ रखने के लिए कम से कम हफ्ते में दो बार शैंपू करना चाहिए। अगर बाल लंबे हैं, तो हफ्ते में तीन बार शैंपू किया जा सकता है। अगर बाल साफ रहेंगे तो जूं होने की संभावना कम हो जाती है। यदि बालों में जूं पड़ जाएं, तो जल्द से जल्द डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। डॉक्टर जूं खत्म करने के लिए जो भी सलाह देंगे उसके जरिए जूं की समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।
