संजय सिंह, पटना। बिहार के औरंगाबाद जिले में दिल दहला देने वाली घटना से हड़कंप मच गया। पारिवारिक विवाद में एक युवक ने तीन मासूम बच्चों की बेदर्दी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुदुकुशी करने का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला औरंगाबाद जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खुटहन गांव का है।
गुड्डू कुमार भगत अपने दो बेटा और एक बेटी के साथ खुटहन गांव में रहते। घर में पिछले 15 दिनों से विवाद चल रहा था। पारिवारिक कलह की वजह से गुड्डू का 18 वर्षीय छोटा भाई अमन कुमार आक्रोशित था। शुक्रवार को घर के अन्य लोग अपने-अपने कामकाज में व्यस्त थे। तभी मौका पाकर अमन कुमार ने भाई गुड्डू के तीनों बच्चों का गला रेत दिया। मृतक बच्चों की पहचान आयुष राज (12 वर्ष), अनिश कुमार (8 वर्ष) और अनुष्का कुमारी (3 वर्ष) के तौर पर हुई है।
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी घर पहुंचे। मगर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घर पर तीनों बच्चों के खून से लथपथ शव पड़े थे। आरोपी ने खुद का भी गला रेतने की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें: पहले 5 और अब 10 दिन की मोहलत, ईरान पर इतना मेहरबान क्यों हैं ट्रंप?
15 दिनों से चल रहा था घरेलू विवाद
सूत्रों के अनुसार पिछले करीब 15 दिनों से परिवार में किसी बात को लेकर तनाव बना हुआ था। बताया जा रहा है कि इस विवाद के कारण अमन मानसिक रूप से परेशान और आक्रोशित था। हालांकि, इतनी भयावह घटना को अंजाम देने के पीछे की असली वजह क्या है, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।
गांव में दहशत, लोगों में आक्रोश
इस दर्दनाक वारदात के बाद पूरे खुटहन गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी अमन का व्यवहार पहले से ही कुछ असामान्य था। हालांकि, किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इतनी खौफनाक घटना को अंजाम दे देगा। ग्रामीणों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश भी देखा जा रहा है। लोग इस घटना को पारिवारिक रिश्तों के टूटते ताने-बाने का परिणाम मान रहे हैं।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
तीनों मासूमों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है। हर किसी की आंखें नम हैं और जुबान पर एक ही सवाल है कि आखिर इन मासूमों का क्या कसूर था?
यह भी पढ़ें: कॉर्पोरेट में काम करने वालों की कम, मजदूरों की सैलरी ज्यादा बढ़ी, क्या है वजह?
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही हसपुरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने का प्रतीत होता है। हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। हर पहलू को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
