संसद में बीजेपी के नेतृत्व वाली नरेंद्र मोदी सरकार 131वां संशोधन विधेयक, परिसीमन विधेयक 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक 2026 पास नहीं करवा पाई थी। विपक्ष ने इनपर सवाल खड़े करते हुए इसके विरोध में वोट किया था। बीजेपी ने इसके विरोध में महिला जन आक्रोश सम्मलेन के तहत यूपी के कई जिलों में विपक्षी नेताओं के पुतले फुंके। इसी कड़ी में बहराइच में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला फूंकते समय सदर विधायक अनुपमा जायसवाल आग की चपेट में आने से झुलस गई थीं।
आग में झुलसने से अनुपमा जायसवाल को फौरन लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मगर, सभी को चौंकाते हुए समजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को उनका हाल-चाल जानने के लिए अस्पताल पहुंच गए। बीजेपी विधायक से मुलाकात करने का फोटो भी अखिलेश ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
यह भी पढ़ें: यूनिवर्सिटी में 33 करोड़ की किताब खरीद का घोटाला? खरीद डाली पिता कि लिखी किताबें
अखिलेश यादव ने क्या कहा?
अखिलेश यादव ने 'एक्स' पर लिखा, 'हम नहीं चाहते हैं कि समाज के बीच आग जले। हम चाहते हैं समाज में सौहार्द की फुहार हो। हमारी सकारात्मक राजनीति की स्वस्थ परंपरा ने हमें यही सिखाया है। इसीलिए हम बीजेपी विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल जी से मिलने गए और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करके आएं हैं। राजनीति अपनी जगह है और मानवीय संबंधों का महत्व अपनी जगह। सद्भाव बना रहे, सौहार्द बना रहे!'
अखिलेश की तारीफ कर रहे लोग
अखिलेश यादव के इस कदम ने उनके विरोधियों का भी दिल जीत लिया है। सोशल मीडिया पर लोग कर रहे हैं कि आखिर अखिलेश यादव अपने विरोधियों के साथ भी ऐसा व्यवहार कैसे कर लेते हैं? वहीं, कई लोग अखिलेश यादव की राजनीतिक परिपक्वता की तारीफ कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 'राहुल गांधी के कहने पर सत्ता छोड़ने को तैयार सिद्धरमैया', CM के करीबी का दावा
'भाजपाइयों को अखिलेश से सीखना चाहिए'
एक यूजर ने कहा, 'बीजेपी नेता अखिलेश यादव का पुतला फूंकते समय हादसे का शिकार हुईं और सपा प्रमुख खुद उनका हालचाल लेने पहुंच गए। भाजपाइयों को अखिलेश यादव से कुछ सीखना चाहिए।' मेदांता अस्पताल में अखिलेश यादव से मिलते समय अनुपमा जायसवाल मुस्कुराते हुए नजर आ रही हैं। बता दें कि अखिलेश यादव का पुतला जलाते समय बीजेपी विधायक अनुपमा जायसवाल का सिर, बाल और चेहरा झुलस गया है।
