संजय सिंह, पटना। बिहार की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार रविवार को औपचारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की सदस्यता ग्रहण करेंगे। रविवार को होने वाला यह कार्यक्रम केवल एक सदस्यता ग्रहण समारोह नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति में संभावित बदलाव के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।
पार्टी मुख्यालय में होने वाले इस कार्यक्रम में जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों की मौजूदगी में निशांत के सक्रिय राजनीति में कदम रखने की घोषणा होगी। इसे जेडीयू में नेतृत्व के संभावित पीढ़ीगत बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: पार्टी में आए, आते ही सबको समझाने लगे निशांत कुमार, अब आगे क्या?
नए-नए दौर की होगी शुरुआत
पार्टी सूत्रों के अनुसार निशांत कुमार का यह कदम केवल औपचारिक सदस्यता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके साथ ही वह पार्टी संगठन और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी में हैं। लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन से दूरी बनाए रखने वाले निशांत का राजनीति में प्रवेश जेडीयू के लिए एक नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है।
दरअसल, यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आगामी 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने का निर्णय लिया है। बिहार की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे नीतीश कुमार के इस फैसले को उनके मुख्यमंत्री पद के लंबे कार्यकाल के संभावित समापन और नई राजनीतिक व्यवस्था की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। ऐसे में निशांत का जेडीयू में प्रवेश पार्टी के भविष्य को लेकर नई चर्चा को जन्म दे रहा है।
संजय झा के यहां हुई बैठक
सूत्र बताते हैं कि पटना में जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर निशांत कुमार की पार्टी के कई विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ एक अहम बैठक भी हुई। इस बैठक में उन्होंने पार्टी की भावी रणनीतियों और संगठन की दिशा को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में मौजूद नेताओं के अनुसार निशांत ने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने पर जोर दिया। पार्टी के एक अन्य सूत्र ने बताया कि इस बैठक में जेडीयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री श्रवण कुमार भी मौजूद थे।
बैठक के दौरान विधायकों और पार्षदों ने निशांत के राजनीति में आने के फैसले का स्वागत किया और इसे पार्टी के लिए सकारात्मक कदम बताया। इससे पहले जेडीयू के कई विधायकों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के निर्णय को लेकर असंतोष भी जताया था, लेकिन निशांत के जल्द राजनीति में सक्रिय होने की खबर से पार्टी के भीतर माहौल कुछ हद तक संतुलित हुआ है।
यह भी पढ़ें: निशांत कुमार JDU में होंगे शामिल, नीतीश बोले- बिहार के लिए काम करते रहेंगे
कम हो रहा है गुस्सा
इधर, शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री आवास पर भी जेडीयू के विधायकों, विधान पार्षदों और सांसदों की एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने निर्णय को लेकर पार्टी नेताओं को विस्तार से जानकारी दी।
बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि राज्यसभा जाने का निर्णय उन्होंने पूरी तरह स्वेच्छा से लिया है और इस पर किसी तरह का दबाव नहीं था। विजय कुमार चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पार्टी विधायकों को भरोसा दिलाया है कि वह आगे भी जेडीयू के कार्यकर्ताओं और नेताओं का मार्गदर्शन करते रहेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी पुष्टि की कि मुख्यमंत्री ने अपने पुत्र निशांत कुमार को सक्रिय राजनीति में आने के लिए सहमति दे दी है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि निशांत कुमार का जेडीयू में प्रवेश केवल एक व्यक्तिगत निर्णय नहीं, बल्कि पार्टी के भविष्य को लेकर एक रणनीतिक कदम भी हो सकता है। यदि आने वाले समय में निशांत संगठन और राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते हैं तो जेडीयू की राजनीति में एक नई पीढ़ी के नेतृत्व की नींव मजबूत हो सकती है।
