पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होंगे और इन चुनावों की तैयारी में तमाम राजनीतिक दल जुट गए हैं। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने भी केवल सिंह ढिल्लों को प्रधान बनाकर संगठन में नई ऊर्जा भरने की कोशिश की है, लेकिन इस बीच बीजेपी के एक सीनियर नेता नाराज हो गए हैं। केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह का करीबी बताया जा रहा था लेकिन कैप्टन ने साफ कर दिया कि उनकी नियुक्ति में उनका कोई रोल नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने केवल सिंह ढिल्लों की नियुक्ति पर भी सवाल उठा दिए हैं। कैप्टन ने एक इंटरव्यू में गांधी परिवार के टच में होने की बात भी स्वीकार की है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि केवल सिंह ढिल्लों को प्रधान बनाने में किसी भी प्रकार की भूमिका से इनकार कर दिया। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि केवल ढिल्लो को प्रधान बनाने के लिए उन्हें पूछा तक नहीं गया। उन्होंने कहा, 'ढिल्लो मेरे पुराने मित्र हैं, लेकिन दोस्ती होना अपनी जगह है और राजनीतिक क्षमता अपनी जगह है। उन्होंने कहा कि सुनील जाखड़ और अश्वनी शर्मा को हटाने की जरूरत नहीं थी। दोनों अच्छे ढंग से काम कर रहे थे। कैप्टन ने कहा कि BJP में फैसला ऊपर से आता है, कांग्रेस में राय ली जाती थी।'
यह भी पढ़ें: विधान परिषद चुनाव में सभी सीटें जीतने की तैयारी, BJP में आने वाले हैं दो MLC?
प्वाइंट्स में समझिए बीजेपी पर क्या बोले?
- नए प्रधान का जमीनी प्रदर्शन अच्छा नहीं।
- सुनील जाखड़ और अश्वनी शर्मा मजबूत स्तंभ उन्हें हटाना गलत।
- कांग्रेस में मुझसे सलाह ली जाती थी लेकिन बीजेपी में अलग संस्कृति है।
- बीजेपी में फैसला ऊपर से आता है।
- पार्टी (बीजेपी) को जाति और समुदाय की राजनीति के बजाय लोगों की भलाई के बारे में सोचना चाहिए।
- अकेले चुनाव लड़कर बीजेपी सरकार नहीं बना सकती।
- कांग्रेस आपस में बंटी हुई है जीतने का कोई चांस नहीं।
- कांग्रेस में नहीं जाऊंगा, बेटी मेहनत कर रही है।
गांधी परिवार पर क्या बोले?
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बीजेपी से खुलकर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कांग्रेस में जाने की अटकलों को खारिज कर दिया। हालांकि, उन्होंने अपने और गांधी परिवार के संबंधों पर खुलकर बात की। अमरिंदर सिंह ने कहा कि उन्हें राहुल गांधी ने जन्मदिन पर मैसेज कर बधाई दी थी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनके भाई की मौत पर भी राहुल गांधी ने उन्हें मैसेज किया था। उन्होंने कहा कि वह सोनिया गांधी को तब से जानते हैं जब से वह गांधी परिवार की बहू बनी हैं और राहुल गांधी जब छोटे थे तब से वह उन्हें जानते हैं।
यह भी पढ़ें: UP के पंचायत चुनाव में होगी धनंजय सिंह और बृजेश सिंह की टक्कर? समझिए मामला
बीजेपी से नाराज
कैप्टन अमरिंदर सिंह के चचेरे भाई, 5 बार के ओलंपियन और दिग्गज खेल प्रशासक राजा रणधीर सिंह का 79 साल की उम्र में कुछ दिन पहले ही निधन हो गया। अमरिंदर सिंह ने खुलासा किया कि रणधीर सिंह की मौत पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से किसी भी नेता ने उन्हें मैसेज नहीं किया। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने उन्हें जरूर मैसेज किया था। कैप्टन ने कहा कि राहुल गांधी रणधीर को व्यक्तिगत रूप से जानते थे।
कैप्टन अमरिंदर सिंह लंबे समय से पंजाब की राजनीति का एक ध्रुव बने हुए हैं। वह 9 साल तक पंजाह के सीएम रहे लेकिन 2022 के चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ने उन्हें इस्तीफा देने के लिए कह दिया था। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस पार्टी को छोड़कर अपनी पार्टी बनाई थी। 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद उस पार्टी का विलय बीजेपी में कर लिया था। हालांकि, अब वह बीजेपी में भी सहज महसूस नहीं कर रहे हैं।
