उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में अंडा फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। यहां आर्टिफिशियल रंग से फार्मी अडों को देसी बनाया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने जब छापा मारा तो बड़ी संख्या में नकली देसी अंडों की बरामदगी हुई। विभाग की टीम ने 45 हजार से अधिक रंगे और 35 हजार से ज्यादा फार्मी अंडों को जब्त किया है।
मुरादाबादा में इन दिनों खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग गहन अभियान चला रहा है। इसी सिलसिले में रामपुर दोराहा बरवाला मझरा स्थित एक अंडे के गोदाम में टीम पहुंची। यहां आर्टिफिशियल रंगों से अंडों को फार्मी से देसी बनाया जा रहा था। बता दें कि फार्मी की तुलना में देसी अंडे ज्यादा महंगे बिकते हैं। थोड़ा मुनाफा कमाने की चक्कर में लोगों की सेहत से खिलवाड़ किया जाता है।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक कांग्रेस में कलह, CM सिद्धारमैया बोले- अगर बुलाया गया तो दिल्ली जाऊंगा
करीब चार लाख के अंडे जब्त
पुलिस के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम गोदाम पहुंची तो वहां अंडों को खुले में ही रंगा जा रहा था। गोदाम में गुणवत्ता मानकों को भी दरकिनार किया जा रहा था। टीम ने 45 हजार से अधिक रंगे और 35 हजार से अधिक फार्मी अंडों को पकड़ा है। रासायनिक पदार्थ भी जब्त किया गया। विभाग ने गोदाम को सील कर दिया है। बताया जा रहा है कि अंडों की अनुमानित कीमत 3,89,772 रुपये है।
यह भी पढ़ें: 'विदेश से चल रहा नैरेटिव, राहुल गांधी-कांग्रेस से सावधान रहने की जरूरत'- बीजेपी
ग्रामीण इलाकों में भी चल रही छापेमारी
खाद्य विभाग का कहना है कि खाने-पीने के सामान में रासायनिक रंगों की अनुमति नहीं है। यह रंग लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर डालते हैं। अब विभाग ने उन दुकानों की खोज शुरू कर दी है, जहां इस गोदाम से अंडों की आपूर्ति होती थी। इसके अलावा पुलिस के पास एक शिकायत भी दी गई। मुरादाबाद के सहायक आयुक्त राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव का कहना है कि विभाग लगातार निगरानी बढ़ा रहा है। अगर कोई मिलावट पाता है तो इसकी जानकारी विभाग को दें। ग्रामीण इलाके में भी गहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
