हिसार पुलिस ने पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के काफिले को रोकने वाले मामले में CCTV फुटेज जारी किया है। फुटेज में दुष्यंत के काफिले की पायलट गाड़ी पुलिस की बोलेरो को ओवरटेक करते हुए दिख रही है। DSP कमलजीत ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि पायलट गाड़ी ने पुलिस वाहन को टक्कर मारने की कोशिश की।

 

उन्होंने कहा कि दुष्यंत चौटाला को Y-Plus सुरक्षा मिली हुई है, जिसमें निजी पायलट गाड़ी रखने की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद वे अपनी प्राइवेट गाड़ी को पायलट गाड़ी की तरह इस्तेमाल कर रहे थे, जो सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है।

 

यह भी पढ़ें: दुष्यंत चौटाला काफिला विवाद: जारी हुआ CCTV फुटेज, पुलिस बोली- पायलट नहीं रख सकते

प्रदर्शन करने जा रहे थे

16 अप्रैल को जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला अपने समर्थकों के साथ गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) में वाइस चांसलर कार्यालय पर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। प्रदर्शन उग्र हो गया, जिसमें प्रदर्शनकारियों ने ऑफिस का गेट तोड़ने की कोशिश की और पुलिस व यूनिवर्सिटी प्रशासन के साथ बदतमीजी की।

 

इस मामले में विश्वविद्यालय के प्रोटेक्टर अनिल कुमार की शिकायत पर सिटी थाने में दिग्विजय समेत 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। 17 अप्रैल को 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। उसी दिन सूचना मिली कि दिग्विजय और दुष्यंत चौटाला सामूहिक रूप से गिरफ्तारी देने सिटी थाने आ रहे हैं।

पुल पर हुई झड़प

CIA टीम सुरक्षा के लिहाज से सिविल ड्रेस में पहले से मौजूद थी। DSP के अनुसार, दुष्यंत के काफिले में एक निजी गाड़ी तेज रफ्तार से लापरवाही से चल रही थी। उसने कई बार पुलिस की गाड़ी को ओवरटेक करने और टक्कर मारने की कोशिश की। सब्जी मंडी पुल के पास CIA इंचार्ज ने गाड़ी रोकर ड्राइवर को चेतावनी दी। इसी दौरान दिग्विजय चौटाला ने एक पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की की।

पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप

18 अप्रैल को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दुष्यंत चौटाला ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जब वह गिरफ्तारी देने जा रहे थे, तब सब्जी मंडी पुल पर उनके काफिले के पीछे फर्जी नंबर वाली बोलेरो आई। उसमें इंस्पेक्टर पवन समेत पांच लोग थे, जिनमें SP सिक्योरिटी इंचार्ज अमरजीत भी शामिल थे। एक पुलिसकर्मी के हाथ में AK-47 भी था।

 

दुष्यंत ने आरोप लगाया कि पुलिस ने अपनी गलती छिपाने के लिए CCTV फुटेज डिलीट करवाए और कुछ कर्मचारियों को ऑफ ड्यूटी दिखाया। उन्होंने कहा कि मिल गेट से CIA इंचार्ज दो किलोमीटर दूर सब्जी मंडी पुल पर उनकी गाड़ी के आगे कैसे पहुंच गया और उसके पास सरकारी गाड़ी कैसे थी।

दोनों पक्ष से मिली शिकायत

DSP कमलजीत ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायतें मिली हैं। निष्पक्ष जांच के लिए SIT गठित की गई है, जिसके वह इंचार्ज हैं। दुष्यंत चौटाला ने चेतावनी दी कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो सोमवार को हाईकोर्ट जाएंगे।

 

यह भी पढ़ें: 'पुलिस ने मेरी कार रोकी, मुझ पर तानी पिस्टल', दुष्यंत चौटाला के साथ यह क्या हुआ?

 

उन्होंने SP के ट्रांसफर, एडीजीपी रैंक के अधिकारी और होम सेक्रेटरी की अध्यक्षता में जांच, तथा एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। मामला अभी भी गर्म है और दोनों तरफ से आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।