संजय सिंह, पटना। बिहार में इस बार होली के मौके पर सरकार ने सार्वजनिक स्थानों, समारोहों और गाड़ियों में अश्लील गानों पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी जिलों के प्रशासन और पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिया है कि ऐसे गानों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर केस दर्ज किया जाएगा। अगर जरूरत पड़ी तो ऐसे गानों को चलाने वालों के साउंड सिस्टम भी जब्त किए जाएंगे।
डिप्टी सीएम ने कहा कि इस तरह के गाने आज समाज के लिए एक गंभीर समस्या बनते जा रहे हैं। सार्वजनिक स्थानों, आयोजनों और गाड़ियों में इस तरह के गानों का बजना महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा पर सीधा असर डालता है।
यह भी पढ़ें: सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से क्या पूछा है?
डिप्टी सीएम ने क्या कहा?
डिप्टी सीएम अशोक सम्राट ने कहा कि महिलाएं और बच्चियां ऐसे माहौल में खुद को असहज और असुरक्षित महसूस करती हैं। साथ ही बच्चों के मानसिक विकास और सोच पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। इसी भावना के तहत पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि वह अश्लील गानों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करें। खासकर होली जैसे त्योहारों के दौरान इस तरह की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए सभी जिलों में विशेष निगरानी और अभियान चलाया जाएगा। सार्वजनिक जगहों, चौक-चौराहों, बाजारों, समारोहों और वाहनों में बजने वाले गानों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
डिप्टी सीएम ने बताया कि अभियान के दौरान यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन पाया गया तो व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 296, 79 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। इतना ही नहीं, नियम तोड़ने वाले आयोजकों और वाहन चालकों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर मौके से ही साउंड सिस्टम को जब्त करने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि दोबारा इस तरह की हरकत न हो।
यह भी पढ़ें: पैसे के लिए छिड़ी लड़ाई, ब्राह्मण बनाम दलित कैसे हो गई? 70 लोगों पर हुई FIR
उन्होंने कहा कि त्योहारों का उद्देश्य खुशियां बांटना और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना है, न कि किसी की गरिमा को ठेस पहुंचाना। अश्लील और आपत्तिजनक गानों से समाज में गलत संदेश जाता है और इसका सीधा असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ता है। सरकार का प्रयास है कि बिहार में एक स्वस्थ, सुरक्षित और सभ्य सामाजिक वातावरण बना रहे, जहां हर व्यक्ति बिना किसी डर या असहजता के सार्वजनिक जीवन में भाग ले सके।
डिप्टी सीएम की अपील
सम्राट चौधरी ने आम लोगों से भी अपील की कि वे इस अभियान में प्रशासन का सहयोग करें और कहीं भी अश्लील गानों का प्रसारण होते देखें तो स्थानीय प्रशासन या पुलिस को इसकी सूचना दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सरकार पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगी और किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
