संजय सिंह, पटना। उद्योगपति गौतम अडानी रविवार को बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड पहुंचे। यहां उन्होंने करीब 30 हजार करोड़ रुपये की लागत से बन रहे थर्मल पावर प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। पीरपैंती आने से पहले अडानी ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
पीरपैंती प्रखंड के सिरमतपुर और आसपास के क्षेत्र में करीब 479 हेक्टेयर भूमि पर अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट बनाया जा रहा। यहां 2400 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा। इस प्रोजेक्ट को बिहार में पिछले कई दशकों का सबसे बड़ा औद्योगिक निवेश माना जा रहा है। ऊर्जा क्षेत्र में यह निवेश न केवल राज्य की बिजली उत्पादन क्षमता को मजबूती देगा, बल्कि औद्योगिक विकास की नई आधारशिला भी रखेगा।
यह भी पढ़ें: अमेरिका-इजरायल ही नहीं, ये देश भी ईरान के खिलाफ युद्ध में हो सकता शामिल
निर्माण कार्य की समीक्षा की
निरीक्षण के दौरान गौतम अडानी ने परियोजना स्थल का भ्रमण कर बॉयलर, टरबाइन और अन्य प्रमुख इकाइयों के निर्माण कार्य की जानकारी ली। उन्होंने अभियंताओं और प्रोजेक्ट प्रबंधन टीम से कार्य की वर्तमान स्थिति, निर्धारित समय-सीमा और तकनीकी गुणवत्ता मानकों के पालन पर विस्तार से बातचीत की। उन्होंने प्रोजेक्ट को तय समय-सीमा के भीतर उच्चतम गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि उत्पादन शीघ्र प्रारंभ हो सके।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में लिया हिस्सा
गौतम अडानी ने यहां आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समूह की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं, बशर्ते योजनाओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से लागू किया जाए।
गौतम अडानी ने भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के साथ बैठक कर भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास, सड़क संपर्क, जलापूर्ति एवं अन्य आधारभूत संरचना से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर सहमति बनी, ताकि परियोजना में किसी प्रकार की बाधा न आए। उधर, अडानी के दौरे के वक्त प्रोजेक्ट स्थल पर मीडिया का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया था। पत्रकारों को प्लांट के बाहर से ही कवरेज करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: '100 विधायक लाइए, मुख्यमंत्री बन जाइए', अखिलेश ने किसको दे दिया ऑफर?
निशिकांत दुबे और पप्पू यादव आमने-सामने
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। निशिकांत दुबे ने अपने एक्स हैंडल पर दावा किया कि पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव उनसे मिलकर भाजपा में शामिल कराने का अनुरोध कर चुके हैं। उनके इस बयान के बाद सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई। वहीं पप्पू यादव ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए पलटवार किया। उन्होंने कहा कि निशिकांत दुबे पूंजीपतियों के उकसावे पर देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के खिलाफ अनावश्यक और अनाप-शनाप बयान देते रहते हैं। दोनों नेताओं के बीच इस जुबानी जंग ने बिहार की राजनीति में नया ताप ला दिया है।
