हरियाणा के पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा को हाईकोर्ट से झटका लगा है। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने युवक की आत्महत्या के मामले में रामबिलास शर्मा के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए हैं। हाईकोर्ट ने इस मामले की जांच IPS अधिकारी से करवाने का आदेश दिया है। 


एक हफ्ते पहले युवक के पिता ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर रामबिलास शर्मा के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की थी। पिता ने रामबिलास शर्मा पर उनके बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। इस मामले में हाईकोर्ट ने अब रामबिलास शर्मा के खिलाफ जांच करने के आदेश दे दिए हैं।

हाईकोर्ट ने क्या कहा?

पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। ये भी कहा है कि इस मामले की जांच IPS अफसर से करवाई जाए। इसके साथ ही हाईकोर्ट ने मृतक युवक अंतिम संस्कार तीन दिन के भीतर करने का आदेश भी दिया है।

क्या है मामला?

हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के बाघोत गांव में रहने वाले 26 साल के मोहित ने 13 दिसंबर को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मोहित के पिता कैलाश चंद ने रामबिलास शर्मा पर उनके बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। मोहित के परिजन रामबिलास शर्मा के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग कर रहे थे। परिजनों का कहना था कि मोहित का अंतिम संस्कार तभी होगा, जब रामबिलास शर्मा के खिलाफ केस दर्ज होगा। लगभग महीनेभर से मोहित का शव मॉर्चुरी में रखा है। 

रामबिलास पर क्या हैं आरोप?

मोहित के पिता कैलाश चंद ने याचिका में पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा पर मोहित को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। कैलाश चंद ने रामबिलास शर्मा पर उनके बेटे से पैसे हड़पने का आरोप भी लगाया है। उनके पिता ने आरोप लगाया है कि पूर्व मंत्री ने उनके बेटे को पॉक्सो के झूठे केस में फंसाया था। उसे 3 महीने जेल में रखा गया, जहां रामबिलास के गुर्गों ने उसकी पिटाई की थी।

कौन हैं रामबिलास शर्मा?

रामबिलास शर्मा हरियाणा में बीजेपी का बड़ा चेहरा हैं। 1991 और 2013 में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। रामबिलास शर्मा पांच बार महेंद्रगढ़ से विधायक रहे हैं। 2014 में चुनाव जीतने के बाद खट्टर सरकार में शिक्षा मंत्री बनाया गया था। 2019 का चुनाव रामबिलास हार गए थे। 2023 के चुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिला था।