इंडिया में बहुत से लोगों को मंहगी कारों का क्रेज है। अपनी पसंद की कार खरीदने के लिए कई लोग अपनी पूरी बचत खर्च कर देते हैं। मंहगी कारों के अलावा कुछ लोगों को VIP नंबर का भी शौक होता है। कई लोग तो गाड़ी की कीमत से ज्यादा खर्च कार के रजिस्ट्रेशन नंबर पर कर देते हैं। बुधवार (27 नवंबर) को भारत के अब तक की सबसे मंहगे व्र्हीकल नंबर की बोली लगी। 'HR88B8888' नंबर 1.17 करोड़ रुपये में बिका। इसके साथ ही यह भारत का अब तक का सबसे मंहगा कार रजिस्ट्रेशन नंबर बन गया है। 

 

हरियाणा में हर हफ्ते VIP और फैंसी नंबरों के लिए ऑनलाइन ऑक्शन किए जाते हैं। हर शुक्रवार शाम के 5 बजे के बाद और सोमवार सुबह 9 बजे तक लोग अपनी पसंद के नंबर के लिए अप्लाई कर सकते हैं। इसके बाद नंबरों की ऑनलाइन बोली लगती है और बुधवार शाम 5 बजे नतीजे घोषित कर दिए जाते हैं। यह ऑक्शन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन होती है और इसके लिए fancy.parivahan.gov.in पोर्टल पर सारी जानकारी दी गई है। 

 

यह भी पढ़ें- भयंकर रूप ले रहा सेन्यार चक्रवात; तमिलनाडु, केरल सहित कई राज्यों में चेतावनी

1.17 करोड़ में बिका नंबर?

इस हफ्ते बुधवार को ऑक्शन में सभी निर्धारित नंबरों में से 'HR88B8888' के लिए सबसे ज्यादा 45 अप्लीकेशन आए थे। इस नंबर के लिए नीलामी 50,000 रुपये से शुरू हुई। पूरे दिन लोग बोली लगाते रहे और शाम 5 बजे तक इस नंबर के लिए कई लोगों में रेस रही। दोपहर 12 बजे तक इस नंबर के लिए 88 लाख की बोली लग चुकी थी। लास्ट में शाम 5 बजे यह नंबर 1.17 करोड़ में बिका। 

इस नंबर में क्या खास?

यह नंबर VIP नंबरों की कैटेगरी में आता है। इसे नीलामी में खरीदा गया है। 'HR88B8888' में राज्य और जिले की जानकारी भी है। 

  • HR- यह हरियाणा राज्य की गाड़ियों के लिए जारी किया जाने वाला स्टेट कोड है। हरियाणा में रजिस्टर सभी गाड़ियों का नंबर HR से ही शुरू होता है। 
  • 88- यह नंबर गाड़ी किस इलाके में रजिस्टर की गई है यह बताता है। यह स्थानीय ट्रांस्पोर्ट ऑफिस यानी आरटीओ या जिले का नंबर होता है। यह हर आरटीओ और जिले के लिए अलग-अलग होता है।
  • B- यह जिस आरटीओ में गाड़ी रजिस्टर की जाती है उस इलाके में गाड़ी का सीरीज कोड होता है।
  • 8888- यह चार अंको का यूनिक रजिस्ट्रेशन नंबर है, जो हर एक गाड़ी में अलग-अलग होता है।

इस नंबर की खास बात यह है कि इसमें सिर्फ एक ही अंक बार-बार आ रहा है। यह नंबर ऐसा लगता है कि सिर्फ 8 ही इसमें शामिल हो। B भी कुछ हद तक 8 की तरह ही दिखाई देता है। यही कारण है कि इस नंबर के लिए इतनी ज्यादा बोली लगी। 

मंहगे नंबर का यह पहला मामला नहीं

मंहगे नंबर खरीदने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार गाड़ियों के लिए लाखों का नंबर खरीदने की खबरें चर्चा में रही हैं। इसी साल अप्रैल में केरल के एक बिजनेसमैन ने अपनी कार के लिए करीब 46 लाख रुपये का नंबर खरीदा था। इसी साल हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में एक व्यक्ति ने 1 लाख के स्कूटर के लिए 14 लाख रुपये की नंबर प्लेट खरीदी थी। 

 

यह भी पढ़ें: 1 कुर्सी, 2 दावेदार; खड़गे से मिले सिद्धारमैया, बोले- 'हाईकमान जो कहेगा, उसे...'

लोग महंगे नंबर क्यों खरीदते हैं?

लोग महंगे नंबर रजिस्ट्रेशन नंबर इसलिए खरीदते हैं क्योंकि वे इसे अपनी शान और अलग पहचान का तरीका मानते हैं। कुछ लोग अपने जन्मदिन, शुभ अंक या खास नंबर को पसंद करते हैं। अमीर लोग इन्हें अपनी रईसी दिखाने के लिए लेते हैं ताकि उनकी गाड़ी सबसे अलग लगे। कुछ इसे पैसे लगाने का जरिया भी समझते हैं क्योंकि ऐसे नंबरों की कीमत बाद में बढ़ सकती है। नीलामी में ज्यादा पैसे देकर या खास नंबर चुनकर लोग अपनी गाड़ी को खास बनाते हैं।