झारखंड के गिरिडीह जिले में शुक्रवार को होली जुलूस के दौरान दो समूहों के बीच झड़प में कई लोग घायल हो गए और कम से कम तीन दुकानों में कथित तौर पर आग लगा दी गई। रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना गिरिडीह के घोड़थम्बा में हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना घोडथंबा में उस समय हुई जब एक समूह ने होली के जुलूस का इलाके से गुजरने का विरोध किया, जिसके बाद झड़प हो गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव किया। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि कई दुकानें और गाड़ियां पूरी तरह से जलकर खाक हो गई हैं। फिलहाल, स्थिति काबू में बताई जा रही है और उन लोगों को पहचानने की कोशिश की जा रही है ताकि हिंसा में शामिल लोगों का पता लगाया जा सके।

 

होली और जुमे की नमाज को देखते हुए झारखंड की राजधानी रांची समेत तमाम जिलों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। एक-दो जगह पर हुई छिटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो पूरे राज्य में त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से ही मनाए गए। हालांकि, गिरिडीह में शुक्रवार देर शाम और रात में हुई आगजनी की घटनाओं के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल और अन्य सुरक्षाबलों को तैनात कर दिया गया है और अब स्थिति शांतिपूर्ण है।

 

यह भी पढ़ें- मुंबई में देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़, 4 महिलाओं को बचाया गया

 

क्या बोले अधिकारी?

 

घटना की जानकारी देते हुए गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल ने कहा, 'घोड़थम्बा ओपी क्षेत्र में दो पक्षों का विवाद सामने आया है। हम आरोपियों को चिह्नित कर रहे हैं। इसके बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। किसी को कोई चोट लगने की बात सामने नहीं आई है। दोनों पक्षों के जो भी असामाजिक तत्व हैं या जो इसमें शामिल हैं, उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।' 

 

इस घटना के बारे में डिप्टी डेवलपमेंट कमिश्नर स्मिता कुमारी ने बताया, 'होली मनाने के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति खराब करने की कोशिश की थी लेकिन अब स्थिति काबू में है। कुछ अज्ञात लोगों ने कुछ दुकानों को आग भी लगाई गई है। जांच की जा रही है कि आग किसने और क्यों लगाई। पुलिस महकमा और प्रशासन के लोग यहां लगे हुए हैं।' खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने कहा, 'इलाके में शांति बहाल करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति नियंत्रण में है और इस पर कड़ी नजर रखी जा रही है।'

 

यह भी पढ़ें: हिट एंड रन केस: तेज रफ्तार कार से लोगों को कुचलने का आरोपी गिरफ्तार

 

 

बता दें कि इस बार होली और जुमे की नमाज एक साथ पड़ने की वजह से देश के कई हिस्सों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने पड़े। उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर मस्जिदों को ढकने और होली के बाद नमाज पढ़े जाने के मामले भी सामने आए। हालांकि, छिटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो पूरे देश में होली का त्योहारी और जुमे की नमाज साथ-साथ और शांतिपूर्वक तरीके से पूरे हुए। 

 

 

मौजूदा समय में रमजान का महीना चल रहा है और इस शुक्रवार को रमजान के दूसरे शुक्रवार यानी जुमे की नमाज थी। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में प्रशासन ने तय किया था कि दोपहर के 2:30 बजे तक होली के जुलूस निकाले जाएंगे और 2:30 बजे के बाद जुमे की नमाज पढ़ी जाएगी। अब प्रशासन का कहना है कि इस तरह की व्यवस्था करने के चलते दोनों शांतिपूर्ण ढंग से निपट गए।