देश की सबसे अमीर नगर निगम बृहन्मुंबई नगर पालिका (BMC) के लिए आज चुनाव हो रहे हैं। BMC का सालाना बजट 74,400 करोड़ रुपये है। वैसे तो यहां 2022 में ही चुनाव हो जाने थे लेकिन किसी न किसी वजह से ये टलते रहे और अब आखिरकार यहां चुनाव होने जा रहे हैं। 

 

BMC के अलावा महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों के लिए भी आज ही वोट डाले जा रहे हैं। वोटिंग सुबह 7:30 बजे से शुरू हो गई है और शाम 5:30 बजे तक चलेगी। वोटों की गिनती 16 जनवरी को की जाएगी।

चुनाव से जुड़ी पल-पल की अपडेट:-

 

Live Updates

2026-01-15T11:15

कल 10 बजे से शुरू होगी वोटों की गिनती

महाराष्ट्र में BMC समेत 29 नगर निगमों के लिए गुरुवार को वोट डाले जा रहे हैं। सिविक चीफ भूषण गगरानी ने बताया कि शुक्रवार सबह 10 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। उन्होंने बताया कि वोटिंग और गिनती के बीच कम समय होने के कारण, सभी वार्डों के वोटों की गिनती शुक्रवार को सुबह 10 बजे शुरू होगी। इससे नतीजे सामान्य से देर से घोषित हो सकते हैं।

2026-01-15T10:18

बीजेपी मंत्री का नाम गायब, नहीं डाल सके वोट

महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में वोटिंग जारी है। महाराष्ट्र के वन मंत्री और सीनियर बीजेपी नेता गणेश नाइक गुरुवार को नवी मुंबई नगर निगम चुनावों में वोट नहीं डाल पाए, क्योंकि उनका नाम वोटर लिस्ट से गायब था। नाइक ने कहा कि वह कई सालों से अपने परिवार के साथ नवी मुंबई स्कूल नंबर 94 में वोट डाल रहे थे, लेकिन इस बार उन्हें बताया गया कि वोटिंग सेंट मैरी हाई स्कूल में होगी। उन्होंने कहा, 'कहा, "जब मैं वहां गया, तो बताए गए कमरे नंबर 9 जैसा कोई कमरा नहीं था, और मेरा नाम वोटर लिस्ट में नहीं था, इसलिए मैं वोट नहीं डाल पाया।'

2026-01-15T08:42

वोटर का दावा- वोट नहीं डाल पाया

बीएमसी चुनाव के लिए गुरुवार को वोट डाले जा रहे हैं। सुबह से ही पोलिंग बूथ पर वोटरों की भीड़ जमा हो गई है। इस बीच एक वोटर ने दावा किया है कि उसे वोट डाले बिना जाना पड़ रहा है।

 

 

2026-01-15T07:50

मोहन भागवत ने डाला वोट

महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में वोटिंग शुरू हो गई है। BMC चुनाव के लिए भी वोट डाले जा रहे हैं। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने सुबह-सुबह पहुंचकर वोट डाला। 

 

 

2026-01-15T07:45

BMC में कौन बनेगा मेयर?

हर कोई पार्टी BMC पर कब्जा करना चाहती है और अपना मेयर बनाना चाहती है। महायुति ने BEST बस यात्रा में महिलाओं को 50 प्रतिशत छूट देने का वादा किया है, जबकि ठाकरे भाइयों ने घरेलू काम करने वाली महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक भत्ता और 700 वर्ग फुट तक के घरों पर प्रॉपर्टी टैक्स माफ करने का आश्वासन दिया है। मुंबई के मेयर पद की दौड़ चुनाव प्रचार में मुख्य मुद्दा बन गई, जिसमें बीजेपी ने दावा किया कि शिवसेना (UBT) की जीत से मुस्लिम मेयर बन सकता है। फडणवीस ने यह भी गारंटी दी कि अगला मेयर 'हिंदू और मराठी' होगा।

2026-01-15T07:45

BMC के चुनाव कितने अहम?

BMC देश की सबसे अमीर नगर निगम है। इसलिए इस पर सब कब्जा करना चाहते हैं। 1997 से 2022 तक यहां शिवसेना का कब्जा था। 2022 में शिवसेना के टूटने के बाद BMC के ये पहले चुनाव हैं। चुनावों से पहले एक बड़ा राजनीतिक बदलाव हुआ और लगभग दो दशकों बाद उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे साथ आए। दोनों मराठी वोटों को एकजुट करने के लिए साथ आए। महायुति की सरकार में शामिल अजित पवार की एनसीपी अलग चुनाव लड़ रही है। पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ में एनसीपी के दोनों गुट मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि, कांग्रेस प्रकाश आंबेडकर की वंचित बहुजन अघाड़ी (VBA), राष्ट्रीय समाज पक्ष (RSP) और रिपब्लिक पार्टी ऑफ इंडिया (गवई गुट) के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है।

2026-01-15T07:35

BMC में कौन-कौन लड़ रहा?

इन चुनावों में सबसे ज्यादा निगाहें BMC पर ही हैं। इसे 'मिनी-असेंबली' लड़ाई के तौर पर देखा जाता है। BMC की 227 सीटों में से बीजेपी 137 और शिवसेना (शिंदे गुट) 90 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जबकि, अजित पवार की एनसीपी 94 सीटों पर अलग से चुनाव लड़ रही है। शिवसेना (यूबीटी) और राज ठाकरे की मनसे मिलकर चुनाव लड़ रही है। शिवसेना (यूबीटी) ने 163 और मनसे ने 52 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने 143 और वंचित बहुजन अघाड़ी ने 46 उम्मीदवार उतारे हैं।

2026-01-15T07:35

कहां-कहां हो रहे हैं चुनाव?

29 नगर निगमों के चुनाव 6 साल की देरी से हो रहे हैं। इनका कार्यकाल 2020 से 2023 के बीच खत्म हो चुका है। गुरुवार को जिन निकायों के लिए चुनाव हो रहे हैं, उनमें छत्रपति संभाजीनगर, नवी मुंबई, वसई-विरार, कल्याण-डोंबिवली, कोल्हापुर, नागपुर, मुंबई, सोलापुर, अमरावती, अकोला, नासिक, पिंपरी-चिंचवड़, पुणे, उल्हासनगर, ठाणे, चंद्रपुर, परभणी, मीरा-भायंदर, नांदेड़-वाघाला, पनवेल, भिवंडी-निजामपुर, लातूर, मालेगांव, सांगली-मिराज-कुपवाड, जलगांव, अहिल्यानगर, धुले, जालना और इचलकरंजी शामिल हैं।

2026-01-15T07:35

कितनी सीटों पर हो रहे चुनाव?

29 नगर निगमों के 893 वार्ड की 2,869 सीटों के लिए 15,931 उम्मीदवार मैदान में हैं। BMC में 227 सीट हैं, जिनके लिए 1,700 उम्मीदवार खड़े हुए हैं। इस चुनाव में कुल 3.48 करोड़ वोटर्स वोट डालेंगे। मुंबई को छोड़कर बाकी शहरी निकायों में मल्टी-मेंबर वार्ड हैं।