उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला दरोगा ने अपने ससुर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। महिला का कहना है कि ससुराल में उसके साथ मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया है। वह प्रयागराज में दरोगा के पद पर तैनात है।

 

पिछले चार दिनों से थाने के चक्कर लगा रही, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। जब पुलिस से बताया कि ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया है तो पुलिस ने सबूत मांग लिया। पीड़ित महिला दरोगा ने चौकी प्रभारी पर डीलिंग करने और धमकाने का आरोप लगाया।   

 

यह भी पढ़ें: आधी रात में पुलिस ने रोकी कार, जांच में सीक्रेट तहखाना में 25 लाख रुपये मिले

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले साल 14 फरवरी को महिला का अंतरजातीय विवाह हुआ था। अलग जाति होने के कारण उसे ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा है। यहां तक कि जातिसूचक शब्द भी कहे जाते हैं। महिला ने ससुराल पक्ष पर डराने-धमकाने और बंदूक के बल पर ससुर पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। 

 

महिला ने बताया कि जब घटना के बारे में पति को बताया तो उन्होंने चुप रहने का दबाव बनाया। इसी साल जनवरी में इच्छा के विरद्ध शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर चूहे मारने वाला जहर खिला दिया। किसी तरह पिता को फोन पर मामले की जानकारी दी। महिला दरोगा ने आरोप लगाया कि पिता जब समझौते की बात करने पहुंचे तो उनके साथ भी मार पिटाई की गई।

 

यह भी पढ़ें: केदारनाथ धाम में नेताओं पर दान के पैसे खर्च करने का आरोप, कमेटी ने जांच की शुरू

सोशल मीडिया पर रोते-बिलखते हुए वीडियो वायरल

महिला दरोगा का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। इसमें महिला दरोगा ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। हालांकि काकोरी के एसीपी शकील अहमद का कहना है कि महिला की शिकायत मिली है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

पुलिस पर धमकाने का लगाया आरोप

महिला दरोगा ने बताया कि वह प्रयागराज में तैनात है। रोते-बिलखते हुए उन्होंने आरोप लगाया, 'पूरा थाना बिक चुका है। मेरा मुकदमा नहीं लिखा जा रहा है। मैंने खुद चौकी इंचार्ज मुन्नालाल यादव को हंसखेड़ा पुलिस चौकी में डीलिंग करते देखा है।' घटना के बारे में पूछने पर महिला दरोगा ने बताया कि उसके ससुर ने दुष्कर्म किया। पुलिस कह रही है कि सबूत लाकर दो? मैं क्या सबूत लाकर दूं? मैं चार दिन से थाने आ रही हूं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। मुझे यहां एक कमरे में बंद करके धमकाया जा रहा था कि तुम्हारी नौकरी खा जाएंगे।