9 जुलाई, दिन बुधवार। बिहार की राजधानी पटना में महागठबंधन ने बिहार बंद बुलाया था। कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के इस महत्वाकांक्षी बंद में राज्यभर से चर्चित चेहरे शामिल हुए। वजह यह थी कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, बिहार में नेता विपक्ष तेजस्वी यादव, खुली गाड़ी पर सवार होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। जिस गाड़ी में तेजस्वी और राहुल गांधी सवार थे, उसी पर चढ़ने की कोशिश कन्हैया कुमार ने की। राहुल गांधी के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें चढ़ने नहीं दिया। बिहार की सियासत में इस घटना पर अब हंगामा बरपा है। कन्हैया कुमार बिहार की राजनीति में हल्के कद के नेता नहीं हैं, वह भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ के AICC प्रभारी हैं। जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर ने कहा है कि तेजस्वी यादव से कन्हैया कुमार बर्दाश्त नहीं होते हैं।

कन्हैया कुमार बिहार में भी लोकप्रिय हैं। वह कांग्रेस के युवा चेहरे हैं। कांग्रेस ने उन्हें कई राज्यों में अहम जिम्मेदारियां दीं, वह भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल रहे, दिल्ली में कांग्रेस ने उन्हें उत्तर-पूर्व दिल्ली से चुनावी मैदान में उतार भी दिया था। वह चुनाव तो हारे लेकिन कन्हैया कुमार का पद कांग्रेस में बढ़ता गया। उन्हीं के साथ तेजस्वी और राहुल गांधी की 'रथयात्रा' में बदसलूकी हुई, उन्हें रथ पर चढ़ने ही नहीं दिया गया। अब विपक्ष का एक धड़ा कह रहा है कि कन्हैया कुमार, तेजस्वी यादव को खटकते हैं। 

यह भी पढ़ें: कभी जंगलराज, कभी गुंडाराज, लालू से नीतीश तक, बिहार की अपराध कथा

'कन्हैया RJD को खटकते हैं' 

प्रशांत किशोर ने कहा, 'कन्हैया कुमार बिहार के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक हैं। बिहार में अगर कांग्रेस पार्टी में किसी नेता में प्रतिभा है तो कन्हैया कुमार उन चंद नेताओं में शामिल हैं, कुछ कर सकते हैं। अगर कांग्रेस उनका इस्तेमाल नहीं कर पाती है तो यह दिखाता है कि कांग्रेस, आरजेडी की पिछलग्गू पार्टी है। कन्हैया कुमार जैसे नेताओं से आरजेडी का नेतृत्व इतना घबराता है कि कोई नया आदमी आ जाएगा तो हमारे नेतृत्व को चुनौती हो जाएगा। पिछलग्गू बनकर हमेशा नहीं रहेगा। आरजेडी कभी नहीं चाहेगी कि कन्हैया कुमार या उनकी तरह के नए प्रतिभावन युवा चेहरे शामिल हों।'

 

यह भी पढ़ें: CPI (M), ML और CPI एक-दूसरे से कितनी अलग? कहानी लेफ्ट के बिखराव की


'बिहार में कांग्रेस पिछलग्गू पार्टी'

प्रशांत किशोर ने कहा, 'अगर आप गाड़ी पर प्रोग्राम कर रहे हैं, बीसियों लीडर खड़े हैं, वहां कन्हैया कुमार भी खड़े हो सकते हैं, आरजेडी ने कहा होगा कि यहां कन्हैया कुमार नहीं खड़े हो सकते हैं। कन्हैया कुमार कांग्रेस वर्किंग समिति के सदस्य हैं। आप CWC के मेंबर को नहीं चढ़ने दे रहे हैं। यह दिखा रहा है कि कम से कम बिहार से कांग्रेस का कोई अस्तित्व नहीं है, पिछलग्गू पार्टी है, जो आरजेडी और लालू यादव तय करते हैं, बिहार में कांग्रेस वही करती है।'