उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के लाजपत नगर की श्रीराम सोसाइटी में एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां रहने वाले लोगों ने अपने घरों के बाहर 'हिंदू सनातनी सोसाइटी' के पोस्टर लगा दिए हैं। यह विवाद तब शुरू हुआ जब सोसाइटी के कुछ लोग अपने मकान दूसरे समुदाय के लोगों को बेचने की तैयारी करने लगे। स्थानीय निवासियों को डर है कि इससे उनके इलाके का सामाजिक माहौल बदल जाएगा। जब इन पोस्टरों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, तो पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
इस पूरे हंगामे की असली वजह मकानों को बेचने से जुड़ी है। सोसाइटी के एक-दो मकान मालिक अपनी प्रॉपर्टी बेचना चाहते हैं। बताया जा रहा है कि इन मकानों को खरीदने के लिए दूसरे समुदाय के ग्राहकों ने बाजार से काफी अच्छी कीमत देने का वादा किया है। वहीं दूसरी तरफ जब सोसाइटी के लोग या उनके परिचित मकान खरीदना चाहते हैं, तो वे उतनी कीमत नहीं दे पा रहे हैं। ज्यादा पैसे के लालच में मकान मालिक दूसरे पक्ष को घर देने को तैयार हैं लेकिन पड़ोसी इसका कड़ा विरोध कर रहे हैं। उन्हें लगता है कि दूसरे पक्ष की एंट्री से भविष्य में वहां का ढांचा पूरी तरह बदल जाएगा।
यह भी पढ़ें: डॉक्टर को पता नहीं चला, अटेंडर ही करता रहा महिला के ब्रेस्ट का ऑपरेशन
घरों के बाहर लगाए गए पोस्टर
अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए वहां के लोगों ने एक अनोखा तरीका निकाला। शनिवार को यह विरोध सिर्फ कुछ ही घरों से शुरू हुआ था लेकिन रविवार तक यह करीब 25 से ज्यादा घरों तक पहुंच गया। इन पोस्टरों पर भगवान श्रीराम की फोटो छपी है और साफ शब्दों में लिखा है कि यह एक 'पूर्णतः हिंदू सनातनी सोसाइटी' है। पोस्टर में आगे लिखा गया है कि यह इलाका सिर्फ हिंदू समाज के रहने के लिए है इसलिए दूसरे पक्ष के लोग यहां मकान न लें। लोगों ने इन पोस्टरों के जरिए सीधे तौर पर खरीदारों को चेतावनी दी है।
यह भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश में डीजल-पेट्रोल के लिए हाहाकार, सैकड़ों पेट्रोल पंप बंद
पुलिस की मौके पर मौजूदगी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने कटघर पुलिस को तुरंत मौके पर भेजा। पुलिस ने सोसाइटी को लोगों से बातचीत की और उन्हें समझाया कि माहौल खराब न होने दें। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है इसलिए फिलहाल कोई केस दर्ज नहीं हुआ है। वकीलों का कहना है कि पोस्टरों में 'दूसरे पक्ष' शब्द का इस्तेमाल किया गया है, जो कानूनी रूप से किसी बड़ी कार्रवाई के लिए पर्याप्त नहीं है। फिलहाल पुलिस की टीम वहां मौजूद है और नजर रख रही है ताकि शांति बनी रहे।
