संजय सिंह, पटना। मुंगेर मिर्जा चौकी फोरलेन सड़क निर्माण के दौरान खरिया पिपरा हॉल्ट के पास सड़क डायवर्जन की मांग को लेकर रविवार को स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि डायवर्जन नहीं दिए जाने के कारण क्षेत्र के लगभग 500 गांवों के लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इसी मांग को लेकर ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

 ग्रामीणों का सवाल सुन निकल गए बीजेपी विधायक

प्रदर्शन के दौरान संयोग से मुंगेर विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी विधायक कुमार प्रणय का काफिला उसी रास्ते से गुजर रहा था। सड़क जाम के कारण उनका काफिला वहीं रुक गया। काफिला रुकते ही ग्रामीणों ने विधायक से अपनी समस्याओं को लेकर जवाब मांगना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ देर तक विधायक ने लोगों से बातचीत की, लेकिन ग्रामीणों की नाराजगी और सवालों के बीच माहौल गरमाता देख वे वहां से निकलते हुए दिखाई दिए। इसके बाद ग्रामीणों में रोष और बढ़ गया और लोगों ने नाराजगी जाहिर करते हुए नारेबाजी की।

डायवर्जन नहीं होने से सैकड़ो गांव के लोग परेशान

ग्रामीणों का कहना है कि फोरलेन निर्माण के दौरान खरिया पिपरा हॉल्ट के पास सड़क डायवर्जन नहीं दिए जाने से आसपास के सैकड़ों गांवों के लोगों को काफी दूरी तय करनी पड़ेगी। स्थानीय लोगों के अनुसार अगर यहां डायवर्जन नहीं बनाया गया तो ग्रामीणों को फोरलेन सड़क पर चढ़ने के लिए 8 से 9 किलोमीटर दूर बरियारपुर या सुलतानगंज जाना पड़ेगा, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बर्बादी होगी। 

 

यह भी पढ़ें: 'कप घर ही लाना है' महिला टीम ने बढ़ाया सूर्या एंड कंपनी का हौसला, वीडियो वायरल

 

सड़क जाम के दौरान ग्रामीणों के सवालों का जवाब देते हुए विधायक कुमार प्रणय ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य विभाग द्वारा तैयार की गई डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) के अनुसार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग अपने स्तर पर काम कर रहा है और जैसे ही सरकार से नए निर्देश प्राप्त होंगे, निर्माण कार्य में और तेजी लाई जाएगी। 

विधानसभा में उठाया जाएगा पूरा मामला

उन्होंने ग्रामीणों की शिकायतों और मांग पत्र को गंभीरता से लेने की बात कही और आश्वासन दिया कि इस पूरे मामले को आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाया जाएगा। वहीं सुलतानगंज उत्तरी क्षेत्र की जिला परिषद सदस्य आशा जायसवाल ने भी ग्रामीणों के साथ मिलकर खरिया पिपरा हॉल्ट के पास सड़क डायवर्जन की मांग उठाई। 

 

यह भी पढ़ें: UAE पर 17 बैलेस्टिक मिसाइल और 117 ड्रोन से हमला, युद्ध के 9वें दिन क्या हुआ?

 

उन्होंने कहा कि इस डायवर्जन के अभाव में क्षेत्र के करीब 500 गांवों के लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द समाधान निकालने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार प्रोजेक्ट मैनेजर प्रमोद पांडे ने पहले इस स्थान पर डायवर्जन देने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब वहां घेराबंदी की जा रही है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है। इस मुद्दे पर पंचायत के मुखिया संजय कुमार सिंह और जिला परिषद सदस्य दुर्गेश सिंह ने भी ग्रामीणों की मांग का समर्थन किया है।

 सांसद ने भी नहीं की कोई पहल

मुखिया संजय कुमार सिंह ने बताया कि इस संबंध में उपमुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, जिलाधिकारी और मुंगेर सांसद ललन सिंह को कई बार पत्र दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। वहीं जिला परिषद सदस्य दुर्गेश सिंह ने कहा कि अगर जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों का आंदोलन और तेज किया जाएगा। यह केवल एक गांव की समस्या नहीं, बल्कि सैकड़ों गांवों के लोगों की रोजमर्रा की जरूरत से जुड़ा मुद्दा है। फिलहाल डायवर्जन की मांग को लेकर क्षेत्र में लोगों की नाराजगी बनी हुई है और ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद जताई है।