गोवा से दिल्ली जा रही एक फ्लाइट में एक अमेरिकी महिला यात्री को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। वह कांपने लगी, बेहोश हो गई और उनकी नब्ज बंद हो गई। उस समय फ्लाइट में मौजूद डॉक्टर अंजलि निंबालकर ने तुरंत मदद की और सीपीआर देकर उनकी जान बचाई। अब उनकी हर तरफ तारीफ हो रही है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने उनकी तारीफ की है। 

फ्लाइट में जैसे ही महिला को तकलीफ हुई, डॉ. अंजलि ने फौरन सीपीआर देना शुरू कर दिया। उन्होंने फ्लाइट के दौरान महिला के पास रहकर उनकी हालत पर नजर रखी। अमेरिकी महिला को डॉक्टर की मदद मिलने के बाद राहत मिली। अब डॉ. अंजली की हर तरफ तारीफ हो रही है। विमान में सवाल यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने उनकी तारीफ की। दिल्ली पहुंचते ही महिला को एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने डॉ. अंजली की खूब तारीफ की है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में धुंध से राहत, धूप खिली, AQI में नहीं दिख रहा सुधार

डॉ. अंजली ने किसकी जान बचाई?

जेनी कैलिफोर्निया की रहने वाली हैं। उनकी शादी हिंदुस्तान में हुई है। वह दिल्ली में अपने सास-ससुर के साथ रहती हैं। दिलचस्प बात यह है कि उनकी सास का नाम भी अंजली ही है। वह भी पेशे से डॉक्टर हैं।

कौन हैं डॉ. अंजली निंबालकर? 

डॉ. अंजलि निंबालकर कर्नाटक की पूर्व विधायक हैं और कांग्रेस पार्टी की नेता हैं। वह गोवा, दमन-दीव और दादरा नगर हवेली की ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की सचिव हैं। कांग्रेस की 'वोट चोर,गद्दी छोड़' रैली में शामिल होने दिल्ली आ रही थीं।

अंजलि पेशे से डॉक्टर हैं और स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। उन्होंने MBBS और गाइनोकॉलोजी में मास्टर्स किया है। साल 2018 में वह पहली बार खानापुर से विधायक बनीं थीं। साल 2024 लोकसभा चुनाव में उत्तर कन्नड़ से कांग्रेस उम्मीदवार रहीं, लेकिन बीजेपी के विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी से चुनाव हार गईं। वह आईपीएस अधिकारी हेमंत निंबालकर की पत्नी हैं।  

यह भी पढ़ें- जहरीली होती हवा का असर, दिल्ली में अब ऑनलाइन मोड में ही होगी पढ़ाई

सीएम सिद्धारमैया ने क्या कहा?

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने सोशल मीडिया पर डॉ. अंजलि की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि राजनीति में आने के बावजूद डॉक्टर का फर्ज निभाना बहुत प्रेरणादायक है। डॉ. अंजलि ने जवाब में कहा कि डॉक्टर होने के नाते यह उनकी ड्यूटी थी। मुख्यमंत्री की तारीफ से उन्हें खुशी हुई।