कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया है। उन्होंने बताया कि वह अपने अकाउंट में लॉगिन नहीं कर पा रहे हैं। अभिजीत दीपके ने अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह लिखा है।

अभीजीत दीपके ने लिखा, 'मेरा इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया है। मैं उसे रिकवर करने की कोशिश कर रहा हूं लेकिन सफल नहीं हो पा रहा।' अभिजीत दीपके के पोस्ट पर लाखों लोगों ने कॉमेंट किया है। युवाओं ने लिखा है कि यह अभिव्यक्ति की आजादी का गला घोंटना है। 

यह भी पढ़ें: कॉकरोच जनता पार्टी के नाम से सावधान, आपका बैंक अकाउंट हो सकता है खाली

मेटा से मांगी मदद

अभीजीत दीपके मेटा कंपनी से भी मदद मांगी है। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी का बैकअप इंस्टाग्राम अकाउंट भी मेटा द्वारा हटा दिया गया है।

2 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स

CJP का इंस्टाग्राम अकाउंट बहुत लोकप्रिय था और इसमें 2 करोड़ 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। इससे पहले गुरुवार को पार्टी का एक्स अकाउंट भारत में ब्लॉक किया गया। अकाउंट पर लिखा है कि कानूनी मांग के बाद इसे भारत में रोका गया है।

कितनी पुरानी है कॉकरोच जनता पार्टी?

कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत 15 मई को सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत के बयान के बाद हुई थी। CJI ने कुछ युवाओं को कॉकरोच और परजीवी कहा था, जिसकी काफी आलोचना हुई। 

यह भी पढ़ें: 'रिजाइन करना ही पड़ेगा', कॉकरोच जनता पार्टी के निशाने पर धर्मेंद्र प्रधान

 

CJI ने सफाई में कहा कि उनका बयान गलत समझा गया और वह फर्जी डिग्री वाले लोगों की बात कर रहे थे। इस बयान के बाद अभिजीत दीपके ने व्यंग के लिए कॉकरोच जनता पार्टी बना दी। यह पार्टी, अब आंदोलन का रूप अख्तियार कर चुकी है। 

क्या है पार्टी की खासियत?

कॉकरोच जनता पार्टी का प्रतीक तिलचट्टा है। पार्टी में शामिल होने की शर्त है कि आप बेरोजगार, आलसी और सोशल मीडिया पर ज्यादा सक्रिय हों। पार्टी तेजी से वायरल हुई है। युवाओं, कलाकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नेताओं का इस पार्टी को खुलकर साथ मिला है। 

यह भी पढ़ें: 'मैं 2 रात से सो नहीं पाया', कॉकरोच पार्टी वाले अभिजीत के पिता को सता रहा डर

कौन हैं अभिजीत दीपके?

सोशल मीडिया की नई सनसनी हैं। अभिजीत दीपके 30 साल के हैं। वह पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ काम कर चुके हैं और सोशल मीडिया और चुनाव प्रचार संभाल चुके हैं। अब वह सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा खोजे जाने वाले लोगों में से एक हो गए हैं। हर दिन ट्रेंड कर रहे हैं।