भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का सलाना नमन अवॉर्ड समारोह 15 मार्च को नई दिल्ली में होना है। इस समारोह में रोजर बिन्नी और राहुल द्रविड़ को बोर्ड के सर्वोच्च सम्मान कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा जाएगा। वहीं मिताली राज BCCI लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित की जाएंगी। इसके अलावा इंटरनेशनल और घरेलू स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाना है, जिसमें बिहार के युवा क्रिकेट प्रीतम राज का भी नाम शामिल है।
प्रीतम राज को मिलेगा यह अवॉर्ड
प्रीतम राज इस अवॉर्ड सेरेमनी में सम्मानित होने वाले बिहार के इकलौत क्रिकेटर हैं। उन्हें जगमोहन डालमिया ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। प्रीतम को अंडर-19 विजय मर्चेंट ट्रॉफी 2024-25 सीजन प्लेट ग्रुप में सबसे ज्यादा रन बनाने के लिए यह अवॉर्ड मिलेगा। उन्होंने उस टूर्नामेंट में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ तिहरा शतक भी जड़ा था। प्रीतम ने 277 गेंद में 44 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 304 रन की पारी खेली थी।
यह भी पढ़ें: BCCI नमन अवॉर्ड 2026 में किस खिलाड़ी को क्या मिलेगा, देखिए पूरी लिस्ट
कौन हैं प्रीतम राज?
बाएं हाथ के बल्लेबाज प्रीतम राज बिहार के गयाजी जिले से आते हैं। वह सूबे के उभरते क्रिकेटरों में से एक हैं। उन्हें 2024 में विजय मर्चेंट ट्रॉफी के लिए बिहार का कप्तान बनाया गया था। पिछले साल वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए उनका बिहार अंडर-19 टीम में भी सेलेक्शन हुआ था।
यह भी पढ़ें: बुमराह के बॉलिंग ऐक्शन पर पाकिस्तानी सेलेक्टर ने ऐसा क्या कहा कि मच गया बवाल?
प्रीतम बेलागंज प्रखंड के बेला गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता प्रेमकांत कुमार पुलिस में हैं और उनकी मां अर्चना कुमारी हाउस वाइफ हैं। प्रीतम को बेहद कम उम्र में ही क्रिकेट से प्यार हो गया था। क्रिकेट के प्रति लगाव को देखते हुए उनके पिता प्रेमकांत कुमार ने उन्हें प्रोत्साहित किया। इसके बाद प्रीतम मगध पैंथर क्रिकेट एकेडमी में ट्रेनिंग करने लगे और कम उम्र में ही अपनी पहचान बना ली।
