भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा और आखिरी टेस्ट शुक्रवार (10 अक्टूबर) से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शुरू हुआ। इस मुकाबले के पहले दिन स्टंप्स तक टीम इंडिया ने 2 विकेट के नुकसान पर 318 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल (173) और कप्तान शुभमन गिल (20) नाबाद बल्लेबाज हैं।
शुभमन के टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने के फैसला के बाद केएल राहुल और यशस्वी ने 58 रन की ओपनिंग साझेदारी की थी। राहुल 54 गेंद में 38 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्हें कैरेबियाई टीम के उप-कप्तान जोमेल वॉर्रिकन ने स्टंप आउट करवाया। इसके बाद यशस्वी और साई सुदर्शन (87) ने दूसरे विकेट के लिए 193 रन की साझेदारी निभाई। सुदर्शन को उनके पहले टेस्ट शतक से वॉर्रिकन ने ही रोका। 251 के स्कोर पर उनका विकेट गिरने के बाद यशस्वी और शुभमन ने भारत को और झटके नहीं लगने दिए। दोनों 67 रन की साझेदारी कर चुके हैं।
दिल्ली से लाइव लाइव अपडेट:-
Live Updates
October 10, 16:51
दिल्ली में पहले दिन का खेल खत्म
दिल्ली टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म हो गया है। आज पूरे 90 ओवर डाले गए, जिसमें टीम इंडिया ने 2 विकेट के नुकसान पर 318 रन बनाए। ओपनर यशस्वी जायसवाल 173 रन पर नाबाद लौटे। वहीं कप्तान शुभमन गिल 20 रन बनाकर नाबाद हैं। वेस्टइंडीज की ओर से सिर्फ जोमेल वॉर्रिकन ही सफल रहे। दोनों विकेट उन्हीं के खाते में गए।
October 10, 15:35
सुदर्शन 87 रन बनाकर आउट
अपने पहले टेस्ट शतक की ओर बढ़ रहे साई सुदर्शन 87 रन बनाकर आउट हो गए हैं। उन्हें जोमेल वॉर्रिकन ने LBW आउट किया। 251 के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिरा है। अब क्रीज पर यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल हैं।
October 10, 14:14
दिल्ली में टी-ब्रेक
दिल्ली में टी-ब्रेक का समय हो गया है। भारतीय टीम ने पूरी तरह से अपना दबदबा बनाया हुआ है। यशस्वी जायसवाल (111) शतक जड़कर खेल रहे हैं, जबकि साई सुदर्शन 71 रन पर हैं। 58 ओवर में भारत का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 220 रन है।
October 10, 13:43
यशस्वी जायसवाल का शतक
सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अपना सातवां टेस्ट शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 51वें ओवर की पहली गेंद पर दो रन लेकर तिहरे अंक को छुआ। यशस्वी ने अब तक अपनी पारी में 16 चौके लगाए हैं।
October 10, 13:11
साई सुदर्शन ने भी ठोका अर्धशतक
बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। वह चौके के साथ 87 गेंद में इस मुकाम तक पहुंचे। टेस्ट क्रिकेट में सुदर्शन की यह दूसरी फिफ्टी है। ड्रिंक्स तक भारत का स्कोर 175/1 है। यशस्वी 85 पर नाबाद हैं।
October 10, 12:18
यशस्वी जायसवाल ने जड़ा अर्धशतक
यशस्वी जायसवाल ने लंच ब्रेक के बाद पहले ही ओवर में 3 चौके जड़कर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है।
October 10, 11:35
लंच ब्रेक तक भारत का स्कोर 94/1
दिल्ली में लंच ब्रेक का समय हो गया है। यशस्वी 40 और सुदर्शन 16 रन बनाकर नाबाद हैं। भारत का स्कोर 94/1 है।
October 10, 11:13
KL राहुल OUT
केएल राहुल के रूप में भारत को पहला झटका लग गया है। जोमेल वॉर्रिकन ने राहुल को स्टंप आउट करवाया। राहुल और यशस्वी की साझेदारी 58 रन पर टूटी। साई सुदर्शन अब बैटिंग करने आए हैं। राहुल 38 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
October 10, 10:36
भारत की अच्छी शुरुआत
यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई है। पहले घंटे का खेल खत्म होने तक दोनों ने 29 रन बटोर लिए हैं। राहुल 19, जबकि यशस्वी 10 रन बनाकर खेल रहे हैं।
October 10, 09:33
क्रीज पर उतरे यशस्वी-राहुल
भारतीय टीम की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल क्रीज पर उतर चुके हैं। यशस्वी स्ट्राइक ले रहे हैं। गेंद जेडन सील्स के हाथों में है।
October 10, 09:20
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:
भारत - यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज
वेस्टइंडीज - तेजनारायण चंद्रपॉल, जॉन कैम्बेल, एलिक एथेनेज, शाई होप, रोस्टन चेज (कप्तान), टेविन इमलाइच (विकेटकीपर), जस्टिन ग्रीव्स, जोमेल वॉर्रिकन, खैरी पियरे, एंडरसन फिलिफ, जेडन सील्स
October 10, 09:03
टीम इंडिया की पहले बैटिंग
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया है। टीम इंडिया बिना किसी बदलाव के उतरी है। वहीं वेस्टइंडीज ने दो बदलाव किए हैं।
October 10, 08:45
क्या होगी भारतीय टीम की प्लेइंग-XI?
भारतीय टीम साई सुदर्शन की जगह देवदत्त पडिक्कल को आजमा सकती है। इसके अलावा टीम में कोई बदलाव की संभावना नहीं है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:
भारत - यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज
वेस्टइंडीज - तेजनारायण चंद्रपॉल, जॉन कैम्बेल, एलिक एथेनेज, ब्रैंडन किंग, शाई होप (विकेटकीपर), रोस्टन चेज (कप्तान), जस्टिन ग्रीव्स, जोमेल वॉर्रिकन, खैरी पियरे, जोहान लेने/जेडिया ब्लेड्स, जेडन सील्स
