सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम बुधवार को अचानक डाउन हो गया। दुनियाभर के हजारों यूजर्स को ऐप इस्तेमाल करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट Downdetector के अनुसार, अमेरिका में 10,000 से ज्यादा यूजर्स ने इंस्टाग्राम में समस्या की शिकायत की है जबकि भारत में भी करीब 250 यूजर्स प्रभावित हुए है। फिलहाल कंपनी की ओर से इस आउटेज को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

 

जानकारी के मुताबिक, यूजर्स को सुबह से ही ऐप इस्तेमाल करने में दिक्कत आने लगी थी। कई लोगों ने शिकायत की कि वे अपने दोस्तों के मैसेज का जवाब नहीं दे पा रहे हैं। इंस्टाग्राम फीड ठीक से लोड नहीं हो रही है। जैसे ही समस्या बढ़ी, यूजर्स ने दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जाकर अपनी परेशानी साझा करनी शुरू कर दी।

 

यह भी पढ़ें: CBSE बोर्ड के पेपर पर छपा था QR कोड, स्कैन करते ही अंग्रेजी गाना बजने लगा

71% यूजर्स ने ऐप एक्सेस में दिक्कत बताई

डाउनडिटेक्टर के डेटा के अनुसार यह आउटेज 11 मार्च को सुबह करीब 7:40 बजे  शुरू हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 71 प्रतिशत यूजर्स ने ऐप एक्सेस करने में समस्या की शिकायत की है। वहीं 20 प्रतिशत यूजर्स ने सर्वर कनेक्शन से जुड़ी परेशानी बताई है जबकि करीब 5 प्रतिशत यूजर्स ने फीड या टाइमलाइन लोड न होने की शिकायत दर्ज कराई है।

 

कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पूछा कि क्या इंस्टाग्राम डाउन है? एक यूजर ने लिखा कि वह अपने दोस्त को रिप्लाई नहीं कर पा रहा है, जबकि अन्य यूजर्स ने भी मैसेजिंग और फीड से जुड़ी दिक्कतों का जिक्र किया है। डाउनडिटेक्टर के आउटेज मैप के अनुसार अमेरिका के कई बड़े शहर इस समस्या से प्रभावित हुए हैं। इनमें लॉस एंजेलिस, फीनिक्स, शिकागो, वॉशिंगटन और न्यूयॉर्क जैसे शहर शामिल हैं। इन शहरों से बड़ी संख्या में यूजर्स ने इंस्टाग्राम में लॉगिन और मैसेजिंग से जुड़ी समस्याओं की रिपोर्ट की है।

 

यह भी पढ़ें: घुमाकर डायल करने वाले 50 साल पुराने फोन को बना दिया AI असिस्टेंट

Meta की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं

फिलहाल इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी मेटा (Meta) की ओर से इस तकनीकी समस्या पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। आउटेज का कारण भी अभी स्पष्ट नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की तकनीकी गड़बड़ियां अक्सर सर्वर में दिक्कत, सिस्टम अपडेट या अचानक बढ़े ट्रैफिक की वजह से हो सकती हैं। आमतौर पर कंपनी सर्वर ठीक होने के बाद सेवाएं फिर से बहाल कर देती है। फिलहाल यूजर्स इंस्टाग्राम के सामान्य रूप से काम करने का इंतजार कर रहे हैं।