logo

ट्रेंडिंग:

बिहार चुनाव: दूसरा चरण कल, 122 सीटों पर वोटिंग, मैदान में कितने बड़े नेता?

बिहार में दूसरे चरण का चुनाव 11 नंवबर को होने वाला है। वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू होगी। कुल 20 जिलों की 122 सीटों के लिए वोटिंग होनी है।

bihar

बिहार में वोटिंग करती महिलाएं। (Photo Credit: PTI)

बिहार में विधानसभा चुनाव का दूसरा और अंतिम चरण कल यानी 11 नवंबर मंगलवार को होने वाला है। पहले चरण में 6 नवंबर को लगभग 64.7 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे ज्यादा मतदान है। इस बार कुल 243 सीटों के लिए दो चरणों में वोटिंग हो रही है। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को खत्म हो रहा है। दोनों चरणों में कुल 2,616 उम्मीदवार मैदान में हैं।

 

दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू होगी। ज्यादातर जगहों पर वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी, लेकिन सुरक्षा कारणों से सात सीटों—चैनपुर, गोविंदपुर, राजौली, जमुई, सिकंदरा, चकई और झाझा—पर शाम 5 बजे ही मतदान खत्म हो जाएगा। इसके अलावा गया, औरंगाबाद, बांका और रोहतास के कुछ इलाकों के 1,202 बूथों पर भी शाम 5 बजे वोटिंग बंद हो जाएगी। चुनाव आयोग ने साफ कहा है कि शाम 5 बजे लाइन में खड़े हर मतदाता को वोट डालने दिया जाएगा।

 

यह भी पढ़ेंलाल किला धमाका: अमित शाह घटनास्थल के लिए रवाना, क्या बोले गृह मंत्री?

कितने मतदाता, कितने बूथ?

दूसरे चरण में करीब 3.7 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें लगभग 1.95 करोड़ पुरुष और 1.74 करोड़ महिला मतदाता हैं। पूरे राज्य में 7.42 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 3.92 करोड़ पुरुष और 3.5 करोड़ महिलाएं हैं। वोटिंग के लिए 45,399 से ज्यादा पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। पूरे बिहार में कुल 90,712 बूथ हैं, यानी औसतन हर बूथ पर 818 मतदाता हैं।

किन जिलों में वोटिंग?

इस चरण में भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाके और सीमांचल, तिरहुत, मगध, शाहाबाद, कोसी, मिथिलांचल के क्षेत्र शामिल हैं। वोटिंग पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, जमुई, नवादा, रोहतास और कैमूर जिलों में होगी।

मुख्य सीटें और बड़े उम्मीदवार

इस चरण में कई हॉट सीटें हैं—बेतिया, कटिहार, झंझारपुर, जमुई और भागलपुर। बेतिया में बीजेपी की रेणु देवी छठवीं बार चुनाव लड़ रही हैं। वह कई बार यह सीट जीत चुकी हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के मदन मोहन तिवारी से है। वहीं कटिहार में बीजेपी के वरिष्ठ नेता तारकिशोर प्रसाद फिर मैदान में हैं। उनका सामना जन सुराज पार्टी के डॉ. गाजी शारिक से है।


झंझारपुर की बात करें तो बीजेपी के नीतीश मिश्रा और बसपा के वीरेंद्र कुमार सिंह के बीच मुकाबला है। वहीं भागलपुर में बीजेपी के रोहित पांडेय और कांग्रेस के अजीत शर्मा आमने-सामने हैं। दूसरे चरण में कुल 1,302 उम्मीदवार हैं, जिनमें 136 महिलाएँ हैं। ज्यादातर सीटों पर एनडीए और महागठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है।

कौन-कौन सी पार्टियां, कितने उम्मीदवार?


एनडीए

बीजेपी – 53 उम्मीदवार
जदयू – 44 उम्मीदवार
लोजपा (रामविलास) – 15
हम – 6
राष्ट्रीय लोक मोर्चा – 4


महागठबंधन

राजद – 71 उम्मीदवार
कांग्रेस – 37 उम्मीदवार
सीपीआई-एमएल – 6
सीपीआई – 4
सीपीएम – 1


इसके अलावा विकासशील इंसान पार्टी (विप) 8 सीटों पर और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी कई सीटों पर चुनाव लड़ रही है।


दूसरे चरण की वोटिंग खत्म होने के बाद 11 नवंबर की शाम को ही एग्जिट पोल आने शुरू हो जाएंगे। एग्जिट पोल में मतदान करने के बाद बाहर निकलते मतदाताओं से पूछा जाता है कि उन्होंने किसे वोट दिया। इन जवाबों से नतीजों का अनुमान लगाया जाता है।

 

यह भी पढ़ेंः लाल किला ब्लास्ट: दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने बताया कि कैसे हुआ धमाका?

नतीजे कब आएंगे?

वोटों की गिनती 14 नवंबर को सुबह से शुरू होगी। जिला मुख्यालयों पर गिनती होगी। दोपहर तक रुझान आने लगेंगे और शाम तक ज्यादातर सीटों के नतीजे साफ हो जाएंगे। पूरी चुनाव प्रक्रिया 16 नवंबर तक खत्म हो जाएगी।


6 नवंबर को पहले चरण में 121 सीटों पर 64.67 प्रतिशत मतदान हुआ, जो बिहार के इतिहास में सबसे ज्यादा है। उस चरण में 3.75 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap