घर चलाना आसान काम नहीं है। जो चलाता है, वही इसके बारे में जानता है। आपका घर कौन चलाता है? आप, आपकी पत्नी या कोई और... क्या आप इसके बदले में कोई भुगतान करते हैं। शायद नहीं। मगर अब घर चलाने का पुराना तरीका बदलने लगा है। अब लोगों ने होम मैनेजर रखना शुरू कर दिया है। बदले में अच्छी खासी सैलरी देते हैं। इसकी वजह यह है कि लोग अब घर के झंझटी कामों से निजात पाना चाहते हैं।
तेजी सी बदली दुनिया में लोगों के पास टाइम कम है। लोग अपने काम और बिजनेस पर फोकस करना चाहते हैं। वह नहीं चाहते हैं कि घर के कामों में उनको सिर खपाना पड़े। इसमें समय के साथ-साथ एनर्जी भी बर्बाद होती है। उनकी यही जरूरत होम मैनेजर पूरी करते हैं। घर में क्या बनना है, साफ-सफाई कब करनी है, कपड़े धोने, राशन लाने और मरम्मत से रखरखाव तक की सारी जिम्मेदारी होम मैनेजर के हिस्से होती है। घर का मालिक अपने समय और एनर्जी को अपने बिजनेस पर लगाता है। इससे उसकी प्रोडक्टिविटी बढ़ती है।
यह भी पढ़ें: तेजस अच्छा या खराब? पाकिस्तानियों को आंकड़ों के साथ यहां मिलेगा सटीक जवाब
काफी पढ़ी-लिखी है होम मैनेजर
हाल ही में एक आईआईटियन और ग्रेलैब्स के फाउंडर और सीईओ अमन गोयल ने खुलासा किया कि उन्होंने और उनकी पत्नी ने एक होम मैनेजर रखा है। उसका एक लाख रुपये मासिक वेतन है। अमन गोयल की होम मैनेजर एक महिला है और काफी पढ़ी-लिखी हैं। अमन के घर पर काम करने से पहले वह एक होटल चेन में ऑपरेशन हेड के तौर पर काम कर चुकी हैं।
कौन-कौन सा काम संभालती होम मैनेजर?
अमन गोयल ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, असल में मैंने एक होम मैनेजर हायर किया है। यह एक फुल-टाइम जॉब है, जो फूड प्लानिंग, वार्डरोब, मेंटेनेंस, ग्रोसरी, लॉन्ड्री वगैरह सब कुछ संभालती है। बेसिकली वह सभी हाउस हेल्प और सर्विस प्रोवाइडर्स को मैनेज करती हैं और हमारा टाइम फ्री करती हैं। हमें इसकी जरूरत थी, क्योंकि हर्षिता और मैं दोनों वर्किंग प्रोफेशनल हैं और हमारे पास घर संभालने का टाइम नहीं है। हम चाहते हैं कि हमारी पूरी एनर्जी कंपनी बनाने पर लगे। हमारा फैसला बेहद अच्छा रहा है। इससे हमारी बहुत सी सिरदर्दी और समय बचा।'
यह भी पढ़ें: दिल्ली में कैसे पहुंची चीन-तुर्की में बने असलहों की खेप? सामने आया ISI लिंक
क्यों पड़ी इसकी जरूरत?
एक अन्य एक्स पोस्ट में अमन ने होम मैनेजर रखने के पीछे की वजह बताई। उन्होंने लिखा, 'हमने उन्हें क्यों रखा? हर्षिता (मेरी पत्नी) और मैं दोनों ही बिजनेस करते हैं। इस वजह से हमारे पास घर संभालने के लिए बहुत कम समय होता है। मेरे माता-पिता हमारे साथ रहते हैं। दोनों बुजुर्ग हैं। हम उन पर बोझ नहीं डालना चाहते। घर के के काम में खाना बनाना, सफाई करना, किराने का सामान, रखरखाव, मरम्मत शामिल होते हैं। हमने सोचा कि हम यह काम किसी और को सौंप सकते हैं।'अमन ने एक कंपनी के माध्यम से होम मैनेजर रखा है। यह प्लेटफॉर्म कुशल होम मैनेजर की सेवा प्रदान करता है। अगर होम मैनेजर छुट्टी पर है तो उसकी जगह अन्य कर्मचारी की व्यवस्था की जाती है।