logo

ट्रेंडिंग:

किस दल से कितने करोड़पति जीते, किस पर कितने मुकदमे; अनंत सिंह का नाम कहां?

बिहार विधानसभा 2025 में जीते 84 विधायक 5वीं से 12वीं तक पढ़े हैं। 147 ने स्नातक या उससे अधिक पढ़ाई की है। 7 विधायक सिर्फ साक्षर है। अबकी बार कुल 29 महिला विधायक बनी हैं। यह संख्या 2020 की तुलना में 3 अधिक है।

Bihar Election News.

डॉ. कुमार पुष्पंजय, कुमार प्रणय और अनंत सिंह। (Photo Credit: PTI)

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

बिहार विधानसभा चुनाव में अबकी बार 130 दागी विधायक होंगे। 102 के खिलाफ तो गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। अगर संपत्ति की बात करें तो 243 में से 218 करोड़पति विधायक हैं। सिर्फ 25 विधायकों के पास लाखों में संपत्ति है। 2020 में 68 फीसद दागी विधायक विधानसभा पहुंचे थे। अबकी यह संख्या घटकर 53 फीसद पर आ गई है। गंभीर अपराध के आरोपी विधायकों की संख्या 51 से घटकर 42 फीसद पर आ गई है। अबकी चुनाव जीते छह प्रत्याशियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज है। 19 पर हत्या की कोशिश और नौ के खिलाफ महिलाओं पर अत्याचार के मामले दर्ज हैं। यह खुलासा एडीआर की रिपोर्ट में हुआ है।

 

एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी के 89 में से 54 विधायकों पर आपराधिक केस हैं। जेडीयू के 31, आरजेडी के 18, चिराग पासवान की पार्टी के 11, कांग्रेस के चार, ओवैसी के सभी विधायक आपराधिक मामलों का सामने कर रहे हैं। बीजेपी और जेडीयू के तीन-तीन विधायकों पर हत्या का केस दर्ज है। हत्या के प्रयास के मामले भी दोनों पर्टियां बराबर हैं। दोनों के सात-सात प्रत्याशियों पर हत्या की कोशिश के मुकदमे हैं। आरजेडी के दो, एलजेपी (रामविलास) के दो और सीपीएम के एक विजेता पर हत्या के प्रयास का केस है। हम, राष्ट्रीय लोक मोर्चा, सीपीएम, बीएसपी और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के एक-एक विधायक पर आपराधिक केस दर्ज है।

 

यह भी पढ़ें: महागठबंधन से ज्यादा NDA के पास हैं यादव विधायक, बिहार में कैसा है नया समीकरण?

5 साल में 24 करोड़पति बढ़े 

बिहार विधानसभा में अबकी बार करोड़पति विधायकों की संख्या बढ़ गई है। 2020 में 241 में से 194 करोड़पति विधायक थे। अबकी 243 में से 218 विधायक करोड़पति हैं। साल 2010 में सिर्फ 45 करोड़पति विधायक जीते थे। इससे यह पता चल रहा है कि बिहार की सियासत में धनबल कितना हावी है।  

 

जेडीयू के 85 में से 78 विधायक करोड़पति और सात लखपति हैं। बीजेपी के 77 विधायकों करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं। आरजेडी के 24 में से 24, लोकजनशक्ति पार्टी (राम विलाल) के 16, हम के चार विधायक करोड़पति हैं। कांग्रेस, ओवैसी की पार्टी, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सभी विधायक करोड़ों के मालिक हैं।

55 विधायकों के पास 10 करोड़ से ज्यादा की प्रॉपर्टी

अबकी बार चुनाव जीते 55 विधायकों के पास 10 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। 44 के पास 5 से 10 करोड़ के बीच प्रॉपर्टी है। 1 से 5 करोड़ रुपये तक वाले विधायकों की संख्या सबसे अधिक 119 है। 21 विधायकों के पास 20 से एक करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी है। सिर्फ चार विधायक ऐसे हैं, जिनके पास 20 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति नहीं है। अगर सभी विधायकों की संपत्ति को मिला दिया जाए तो यह आंकड़ा 2192.93 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है। 

 

यह भी पढ़ें: परिवार और सियासत छोड़ने से पहले रोहिणी के साथ क्या हुआ? विवाद की इनसाइड स्टोरी

बाहुबली अनंत सिंह दूसरे सबसे रईस विधायक

मुंगेर से बीजेपी विधायक कुमार प्रणय बिहार के सबसे रईस विधायक बने हैं। उनके पास 170 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। दूसरे नंबर पर मोकामा से चुनाव जीते जेडीयू नेता अनंत सिंह का नाम आता है। उनके पास 100 करोड़ रुपये से अधिक की प्रॉपर्टी है। बरबीघा से जेडीयू की टिकट पर चुनाव जीतने वाले डॉ. कुमार पुष्पंजय 94 करोड़ की संपत्ति के साथ तीसरे सबसे रईस विधायक हैं। 

बीजेपी के मुरारी पासवान के पास सबसे कम संपत्ति

अगर सबसे कम संपत्ति वाले विजेताओं की बात करें तो पीरपैंती से चुनाव जीते मुरारी पासवान के पास सिर्फ 6 लाख रुपये की प्रॉपर्टी है। उन्होंने बीजेपी की टिकट पर चुनाव जीता है। दूसरे नंबर पर बीजेपी के ही महेश पासवान हैं। उनके पास 8 लाख रुपये की संपत्ति है। उन्होंने अगिआंव से चुनाव जीता है। राजनगर सीट से बीजेपी की टिकट पर चुनाव जीतने वाले सुजीत कुमार तीसरे सबसे कम संपत्ति वाले विधायक हैं। उनके पास सिर्फ 11 लाख रुपये की प्रॉपर्टी है। खास बात यह है कि तीनों बीजेपी नेताओं ने अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट से चुनाव जीता है।

कर्ज के मामले में भी अनंत सिंह दूसरे स्थान पर

ब्रह्मपुर से चुनाव जीते राजेडी के शंभूनाथ यादव के ऊपर सबसे अधिक 66 करोड़ रुपये का कर्ज है। अनंत सिंह कर्ज के मामले में भी दूसरे स्थान पर हैं। उनके ऊपर 25 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी है। सिमरी बख्तियारपुर से एलजेपी (रामविलास) के विधायक संजय कुमार सिंह पर 16 करोड़ रुपये का ऋण है।

 


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap