अहमदाबाद में भारी पुलिस बल के साथ नगर निगम टीम का इसनपुर झील में अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण अभियान जारी है। मौके पर अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के लगभग 500 कर्मचारी और भारी पुलिसबल तैनात है। चंदोला झील के बाद यह अब तक दूसरा सबसे बड़ा ध्वस्तीकरण अभियान है। अधिकारियों के मुताबिक 20 जेसीबी मशीनों को ध्वस्तीकरण अभियान में लगाया गया है। प्रशासन ने अवैध कब्जेदारों को दो बार नोटिस भी दिया था।
अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के डिप्टी कमिश्नर रिद्धेश रावल का कहना है कि इसनपुर झील की 96,000 वर्ग मीटर सरकारी जमीन में से करीब 28,800 वर्ग मीटर (करीब 30%) पर अवैध कब्जा है। दिवाली से पहले 167 कमर्शियल संपत्ति ढहाई गई थी। इस ध्वस्तीकरण अभियान के तहत 925 गैर-कानूनी आवासीय निर्माण को ढहाना है।
अहमदाबाद जोन 6 के डीसीपी भागीरथ सिंह गढ़वी ने बताया कि मौके पर 550 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था को कायम रखा जा सके। पेट्रोलिंग टीमें ड्रोन की मदद से निगरानी कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: धर्मेंद्र के साथ हुआ एक युग का अंत, 89 साल की उम्र में ली आखिरी सांस
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि अवैध कब्जे को हटाने में एक-दो दिन का समय लगेगा। अभियान की शुरुआत सुबह हुई। दोपहर तक कई निर्माण को ढहाया जा चुका है। बता दें कि इसी साल अप्रैल में चंदोला झील के पास 1.25 लाख वर्ग मीटर जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया था।
अहमदाबाद नगर निगम और पुलिस अधिकारियों ने एक हफ्ते पहले स्थानीय लोगों के साथ बैठक की थी। उनसे कहीं और शिफ्ट होने को कहा गया था। लगभग 80 फीसद लोग अपने सामान के साथ शिफ्ट हो चुके हैं। वहीं बाकी लोगों ने आज अपना मकान खाली कर दिया है।
यह भी पढ़ें: मुंह से ना-ना कर रहे डीके शिवकुमार, फिर क्यों बागी हो रहे विधायक?
डिप्टी कमिश्नर रिद्धेश रावल ने कहा कि लोगों को दो बार नोटिस दिया गया था, ताकि कोई परेशानी न हो। अभियान शुरू करने से पहले भी भरोसे में लिया गया था। वहीं योग्य लोगों से कागजात लिए गए हैं, ताकि भविष्य में उन्हें हाउसिंग स्कीम में कवर किया जा सके।