बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने पटना में समीक्षा बैठक बुलाई। इस बैठक में पार्टी ने तेजस्वी यादव और सभी जीते हुए विधायक शामिल हुए। बैठक में पार्टी के सीनियर नेता भी शामिल रहे, जिसमें तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय जनता दल के विधायक दल का नेता चुन लिया गया। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, पूर्व सीएम राबड़ी देवी, वरिष्ठ नेता जगदानंद सिंह उदयनारायण चौधरी भी शामिल रहे और सभी ने अपनी बात रखी।
आरजेडी की बैठक पूरी होने के बाद पार्टी नेता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि समीक्षा बैठक में स्पष्ट तौर पर सभी ने अपनी बातें रखी हैं। जनादेश पर भी लोगों ने राय प्रकट की। जो जनादेश आया है, उसे ना बिहार की जनता हजम कर रही है ना नेता हजम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में चुनाव से पहले जो हालात थे, उससे हर कोई अवगत था कि सत्ताधिरियों के खिलाफ जनता में गुस्सा है।
जनादेश को जनता हजम नहीं कर रही
शक्ति सिंह ने कहा, 'जिस रूप में जनादेश आया है, उसे ना तो जनता हजम कर रही है... ना नेता हजम कर रहे हैं और ना कोई हजम कर रहा है। उन्होंन आगे बताया कि बैठक में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने स्पष्ट तौर पर कहा कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से पार्टी चलती है। उन्होंने रोहिणी आचार्य को लेकर कहा कि पार्टी को चलाने के लिए कोई अलग से परिवार नहीं है। पार्टी के कामों में कोई भी हस्तक्षेप नहीं कर सकता है।'
लालू प्रसाद का दिया हवाला
शक्ति सिंह ने बैठक में लालू प्रसाद की बातों का हवाला देते हुए कहा, 'लालू जी ने कहा कि हम स्वतंत्र तौर पर इन्हें काम करने की छूट देते हैं। किसी तरह का बाहरी या आंतरिक हस्तक्षेप नहीं होगा। तेजस्वी ही पूरी पार्टी को आगे लेकर जाएंगे।'
'मशीनरी प्रबंधन से आया है वोट'
उन्होंने कहा, 'यह जनादेश मशीनरी प्रबंधन से आया है... दुनिया के किसी भी राजनीतिक दल के लिए 90% स्ट्राइक रेट संभव नहीं है। इस पर हमारी की समीक्षाएं बैठकें चलेंगी। चुनाव में चुनाव आयोग के नियमों की धज्जियां उड़ी हैं। जब चुनाव चल रहे थे सरकार लगातार पैसे खातों में भेज रही थी। यह लोगों ने देखा है। श्रम विभाग श्रामिकों को पैसे दे रहा था पुलिस के संरक्षण में NDA प्रत्याशी पैसे बांट रहे थे। इसलिए यह परिणाम मैंनेजमेंट से आया है।'
उन्होंने कहा कि आरजेडी हारने वालों में से नहीं हैं, हम सभी बिंदुओं पर बात कर रहे हैं। हम जनता के सवाल पूछते रहेंगे। साथ ही उनकी घोषाणाओं पर भी नजर रहेगी। साथ ही कहा कि आरजेडी भविष्य में बूथ और पंचायत लेवल पर जाकर पार्टी को मजबूत करेगी।