बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा केंद्रीय जेल भी गजब है। यहां कैदियों में कानून का कोई खौफ नहीं है। शायद अधिकारियों को भी कोई परवाह नहीं है। तभी तो कैदियों को घर जैसी सुविधा मिलने वाले वीडियो अक्सर वायरल होते रहते हैं। जेल प्रशासन हर बार जांच की बात कहता है। नतीजा- कुछ दिनों में एक नया वीडियो सामने आ जाता है। सोशल मीडिया पर वायरल ताजा वीडियो में सीरियल रेपिस्ट और एक सोना तस्कर जेल में 'विशेष सेवा' का आनंद उठा रहे हैं।
वीडियो में दिख रहा है कि उमेश रेड्डी नाम का कैदी अपनी बैरक में बेधड़क मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा है। फुटेज में एक टीवी भी दिख रही है। एक अन्य वीडियो में कैदी तरुण राजू जेल में ही मोबाइल चला रहा है। खाने बनाते वक्त उसका यह वीडियो रिकॉर्ड किया गया। बता दें कि अभिनेत्री रान्या राव सोना तस्करी मामले में तरुण राजू आरोपी है।
यह भी पढ़ें: भारत का खौफ या बढ़ानी है मुनीर की ताकत, PAK क्यों कर रहा संविधान में संशोधन?
उमेश रेड्डी पूर्व कांस्टेबल है। अदालत ने उसे 1996 से 2022 तक 20 दुष्कर्म और 18 हत्याओं के मामले में दोषी ठहराया। 2022 में सुप्रीम कोर्ट ने उसकी मौत की सजा को 30 साल की कैद में बदल दिया। वायरल वीडियो में वह मोबाइल फोन चला रहा है।
जेल विभाग ने दिया जांच का आदेश
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कर्नाटक जेल विभाग ने मामले की जांच का आदेश दिया है। विभाग का कहना है कि कैदियों तक प्रतिबंधित उपकरण कैसे पहुंचे और क्या इसमें कोई अधिकारी शामिल है? इसकी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान ने 8 भारतीय मछुआरे पकड़े, सरकार ने जारी कर दिए नए नियम
अक्टूबर में भी वायरल हो चुका वीडियो
पिछले महीने कर्नाटक की इसी जेल का एक और वीडियो वायरल हुआ था। इसमें कुख्यात अपराधी श्रीनिवास उर्फ गुब्बाची सीना ने जेल के भीतर ही अपना बर्थडे मनाया था। वायरल वीडियो में उसे सेब की माला पहनाई गई थी। साथी कैदी सीटी और ताली बजाते दिखे थे।
अपने साथियों के साथ श्रीनिवास ने चाकू से केक भी काटा। वह गैंगस्टर वेंकटेश की हत्या के आरोप में जेल में है। कर्नाटक पुलिस ने श्रीनिवास को मुठभेड़ के बाद पकड़ा था। उस वक्त उसके पैर पर गोली लगी थी।