दूसरे सबसे अमीर भारतीय गौतम अडानी को सालभर में कितनी सैलरी मिलती है? इसका जवाब है 10.41 करोड़ रुपये। यह सैलरी उन्हें 2024-25 में मिली है। इस हिसाब से हर महीने उन्हें औसतन 87 लाख रुपये की सैलरी मिली है। पिछले वित्त वर्ष यानी 2023-24 में उन्हें 9.26 करोड़ रुपये की सैलरी मिली थी। यानी, 2024-25 में उनकी सैलरी 12% बढ़ गई।


गौतम अडानी को यह सैलरी अडानी ग्रुप की लिस्टेड 10 कंपनियों में से सिर्फ 2 से ही मिली है। उन्हें अडानी एंटरप्राइजेज से 2.26 करोड़ सैलरी और 28 लाख रुपये के भत्ते के रूप में मिले हैं। इसके अलावा अडानी पोर्ट्स एंड SEZ से 1.8 करोड़ की सैलरी और 6.07 करोड़ कमीशन के रूप में मिला है। कुल मिलाकर उन्हें अडानी एंटरप्राइजेस से 2.54 करोड़ और अडानी पोर्ट्स एंड SEZ से 7.87 करोड़ रुपये मिले हैं।

 

यह भी पढ़ें-- बंपर कमाई के बाद अडानी ग्रुप ने कितना दिया टैक्स? सामने आया आंकड़ा

बाकी रईसों की तुलना में कहां है अडानी?

गौतम अडानी बाकी रईसों की तुलना में काफी कम सैलरी पाते हैं। भारत के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी तो सैलरी ही नहीं लेते। कोविड के समय ही उन्होंने सैलरी छोड़ दी थी। इससे पहले तक अंबानी हर साल 15 करोड़ रुपये की सैलरी लेते थे।


एयरटेल के भारती मित्तल को 2023-24 में 32.27 करोड़ रुपये सैलरी मिली थी। बजाज ग्रुप के राजीव बजाज ने 2023-24 में 53.75 करोड़ रुपये की सैलरी ली थी। 


वहीं, होरो मोटरकॉर्प के पवन मुंजाल को 2023-24 में 109 करोड़ रुपये सैलरी के रूप में मिले थे। L&T के चेयरमैन एसएन सुब्रमण्यम को 2024-25 में 76.25 करोड़ और इन्फोसिस के सीईओ सलिल एस पारिख को 80.62 करोड़ रुपये की सैलरी मिली थी।

 

 

यह भी पढ़ें-- कैसे इलेक्ट्रिक बनेगा इंडिया? समझें क्या है भारत में EV का फ्यूचर

अडानी ग्रुप के सीईओ से भी कम सैलरी

गौतम अडानी को अपने ग्रुप की कंपनियों की सीईओ से भी कम सैलरी मिलती है। अडानी एंटरप्राइजेस के सीईओ विनय प्रकाश को 69.34 करोड़ रुपये मिले थे। इसमें से 4 करोड़ सैलरी और बाकी 65.34 करोड़ भत्ते वगैरह थे। 


अडानी ग्रीन एनर्जी के मैनेजिंग डायरेक्टर विनीत एस जैन को 11.23 करोड़ और ग्रुप के सीएफओ जुगेशिंदर सिंह को 10.4 करोड़ रुपये सैलरी मिली थी।

अडानी के बेटे करण को अडानी पोर्ट्स एंड SEZ से 7.09 करोड़ रुपये मिले हैं, जबकि कंपनी के सीईओ अश्विनी गुप्ता को 10.34 करोड़ रुपये मिले हैं। गौतम अडानी के बड़े भाई राजेश को 9.87 करोड़ और उनके भतीजे प्रणव को 7.45 करोड़ रुपये मिले हैं। अडानी के दूसरे भतीजे सागर को 7.50 करोड़ रुपये मिले हैं।


अडानी टोटल गैस के सीईओ सुरेश पी. मंगलानी को 8.21 करोड़ और अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के सीईओ को 14 करोड़ रुपये की सैलरी मिली थी। अडानी पावर के सीईओ एसबी खयालिया ने 2024-25 में 9.16 करोड़ रुपये की सैलरी ली है।

 

यह भी पढ़ें-- F&O की एक्सपायरी को लेकर BSE और NSE में झगड़ा क्यों? समझें पूरा खेल

सैलरी इतनी तो इतने अमीर कैसे?

गौतम अडानी की सैलरी सिर्फ 10.41 करोड़ रुपये है लेकिन उनकी नेटवर्थ 80 अरब डॉलर से भी ज्यादा है। गौतम अडानी भारत के दूसरे और दुनिया के 20वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। 


ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के मुताबिक, 9 जून तक गौतम अडानी की कुल नेटवर्थ 83.7 अरब डॉलर है। भारतीय करंसी में यह रकम करीब 7.16 लाख करोड़ रुपये होती है। 2022 में गौतम अडानी एशिया में सबसे अमीर शख्स बन गए थे। हालांकि, 2023 में हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद उन्हें 150 अरब डॉलर का नुकसान हो गया था। पिछले साल अडानी दो बार मुकेश अंबानी को पछाड़कर पहले नंबर पर गए थे।


अब ऐसे में सवाल उठता है कि जब इनकी सैलरी 10.41 करोड़ रुपये है तो यह इतने अमीर कैसे हैं? दरअसल, इनकी कमाई का असली जरिया कंपनियों के स्टॉक हैं। गौतम अडानी के पास अडानी ग्रुप की 6 कंपनियों में शेयर हैं। इन्हीं से इनकी कमाई होती है। 


अडानी ग्रुप की 6 लिस्टेड कंपनियों- अडानी एनर्जी, अडानी एंटरप्राइजेस, अडानी ग्रीन एनर्जी, अडानी पोर्ट्स एंड SEZ, अडानी पावर और अडानी टोटल गैस में गौतम अडानी और उनके परिवार की हिस्सेदारी है। अडानी एंटरप्राइजेस में गौतम अडानी और उनके परिवार की 49.67% हिस्सेदारी है। मार्च 2025 तक इनके शेयर की कुल वैल्यू 1.47 लाख करोड़ रुपये से भी ज्यादा थी। वहीं, अडानी पोर्ट्स एंड SEZ में 32.90% शेयर हैं, जिनकी वैल्यू 1.04 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा थी।

 

यह भी पढ़ें-- कपड़े, टीवी, किचन; आपकी जिंदगी में कितना घुस गया है चीन?

 

अडानी ग्रुप ने की बंपर कमाई

अडानी ग्रुप ने हाल ही में बयान जारी कर बताया था कि 2024-25 में उसकी कमाई रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। 2024-25 में अडानी ग्रुप की 7 लिस्टेड कंपनियों ने 40,565 करोड़ रुपये की कमाई की थी। यह अब तक की सबसे ज्यादा कमाई है। अडानी ग्रुप की इन कंपनियों का 2024-25 में EBITDA 89,896 करोड़ रुपये रहा, जो 2023-24 की तुलना में 8.2% ज्यादा है। EBITDA से ही पता चलता है कि कंपनी की आर्थिक सेहत कैसी है। 


अडानी ग्रुप ने 2024-25 में रिकॉर्ड 1.26 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया था। यह ग्रुप की तरफ से कैपिटल पर किया गया अब तक का सबसे बड़ा खर्च है। इतना ही नहीं, ग्रुप के पास अब कुल 6.09 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति हो गई है। 2019 से 2025 के बीच ग्रुप की संपत्ति सालाना आधार पर 25 फीसदी की दर से बढ़ी है।

 

यह भी पढ़ें-- अपनी कमाई राज्यों में क्यों और कैसे बांटती है केंद्र सरकार? समझिए गणित

 

तो और ज्यादा होती नेटवर्थ!

24 जनवरी 2023 को हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडानी ग्रुप पर अपनी रिपोर्ट जारी की थी। इसमें अडानी ग्रुप पर कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। हिंडनबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में अडानी ग्रुप पर शेयर बाजार में हेरफेर और अकाउंटिंग धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था।


हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद अडानी ग्रुप और गौतम अडानी को बड़ा नुकसान हुआ था। इससे शेयर बाजार में भी उथल-पुथल मच गई थी। 


रिपोर्ट आने से पहले सितंबर 2022 तक अडानी की नेटवर्थ 150 अरब डॉलर से ज्यादा थी। मगर इस रिपोर्ट के आने के बाद अडानी ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट आई थी। अडानी ग्रुप की 10 लिस्टेड कंपनियों को 150 अरब डॉलर का नुकसान हुआ था। खुद अडानी की नेटवर्थ 100 अरब डॉलर यानी लगभग 8.60 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आ गई थी। 


इतना ही नहीं, रिपोर्ट आने के बाद गौतम अडानी दुनिया के रईसों की टॉप-20 की लिस्ट से भी बाहर हो गए थे। रिपोर्ट आने से पहले अडानी एंटरप्राइजेज 20 हजार करोड़ रुपये का FPO लाने की तैयारी कर रही थी। रिपोर्ट आने के बाद इसे भी टाल दिया गया था।


हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने से पहले गौतम अडानी देश के सबसे रईस शख्स बन गए थे। उन्होंने मुकेश अंबानी को पछाड़ दिया था। हालांकि, हिंडनबर्ग की रिपोर्ट ने अडानी को ऐसा झटका दिया कि इससे वो अब तक नहीं उबर सके हैं। गौतम अडानी भले ही भारत के दूसरे सबसे रईस हैं, लेकिन दो साल पहले की तुलना में उनकी नेटवर्थ आधी हो गई है।