देश का बजट रविवार को पेश किए जाने के कारण आज शेयर मार्केट भी खुला हुआ है। बजट पेश होने से पहले शेयर मार्केट जब खुली तो उसमें गिरावट देखी गई। बाद में शेयर मार्केट थोड़ा रिकवर करता दिखा और मार्केट बराबरी के स्तर पर आ गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में पहले तो गिरावट हुई लेकिन खबर लिखे जाने के समय यानी सुबह लगभग 10:30 बजे यह 200 अंकों की बढ़त हासिल कर चुका था। बार-बार गिरने और उठने का संकेत है कि अभी मार्केट तय नहीं कर पा रहा है कि बजट किस ओर जाने वाला है। फिलहाल, डिफेंस स्टॉक्स में तेजी देखी जा रही है।

 

कारोबार की शुरुआत के बाद, 30 शेयर वाला BSE-सेंसेक्स उतार-चढ़ाव से गुजरा और 13 अंक चढ़कर 82,282.82 अंक पर पहुंच गया। खबर लिखे जाने के समय BSE रफ्तार पकड़ चुका था और 82491 पर चल रहा था। वहीं, 50 शेयर वाला NSE निफ्टी मामूली बढ़त के साथ खुलने के बाद 7.90 अंक फिसलकर 25,312.75 अंक पर आ गया। खबर लिखे जाने के वक्त 25359 पर चल रहा था।

 

यह भी पढ़ें: LIVE: राष्ट्रपति भवन में दही-चीनी, संसद में बजट.., क्या राहत देंगी वित्त मंत्री?

कंपनियों पर क्या असर दिख रहा है?

 

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से सन फार्मा के शेयर में करीब 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, पावर ग्रिड, एनटीपीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी लाभ में रहे। वहीं इन्फोसिस, टाटा स्टील, इटर्नल और टेक महिंद्रा के शेयर नुकसान में रहे। एशियाई बाजार रविवार को छुट्टी के कारण बंद रहेंगे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

 

यह भी पढ़ें: LPG, CNG और FASTag, 1 फरवरी से होने वाले हैं कई बदलाव

सोना-चांदी हुए सस्ते

 

केंद्रीय बजट 2026-27 पेश होने से पहले रविवार को सोने और चांदी की कीमतों में 9 प्रतिशत तक की गिरावट आई और इसने लोअर सर्किट छू लिया। हाल ही में आई रिकॉर्ड तोड़ तेजी के बाद निवेशकों ने प्रॉफिट बुकिंग जारी रखी है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर लगातार दूसरे सत्र में गिरावट जारी रही। MCX पर चांदी के दाम में भारी गिरावट आई क्योंकि व्यापारियों ने ऊंचे स्तर पर प्रॉफिट बुकिंग जारी रखी। इसका नतीजा यह हुआ कि मार्च में सप्लाई वाले चांदी के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 26,273 रुपये या 9 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,65,652 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई जो इसका लोअर सर्किट लेवल है।