नीट UG 2026 को लेकर देशभर में बवाल जारी है। पेपर लीक होने के बाद से छात्र परेशान हैं। पेपर की फीस रिफंड का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के लिए अब बड़ी राहत की खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने फीस रिफंड के लिए बैंक अकाउंट डिटेल जमा करने की लास्ट डेट बढ़ा दी है। अब इस डेडलाइन को बढ़ाकर 22 जून 2026 कर दिया गया है। एजेंसी के अनुसार, अब तक करीब 13 लाख उम्मीदवार अपनी बैंक डिटेल्स अपडेट कर चुके हैं, जबकि बड़ी संख्या में छात्र अभी भी फीस रिफंड के लिए बैंक डिटेल्स जमा नहीं कर पाए हैं। 

 

NTA ने पहले उम्मीदवारों को 22 मई से 27 मई तक बैंक खाते की जानकारी जमा करने का मौका दिया था। अब छात्रों की सुविधा को देखते हुए इस समय को लगभग एक महीने के लिए बढ़ा दिया गया है। नई समय-सीमा के अनुसार उम्मीदवार 22 जून 2026 रात 11:50 बजे तक अपनी बैंक डिटेल्स जमा कर सकेंगे।

 

यह भी पढ़ें: रामराज्य नहीं, महाराजा रणजीत सिंह का राज, पंजाब में बीजेपी ने क्यों बदली रणनीति?

 

क्यों बढ़ाई गई डेडलाइन?

NTA की ओर से जारी नोटिस में बताया गया है कि अब तक लगभग 13 लाख अभ्यर्थियों ने अपने बैंक खाते की जानकारी जमा कर दी है, लेकिन कई उम्मीदवार ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है। इन्हीं छात्रों को एक्स्ट्रा समय देने के लिए डेडलाइन बढ़ाने का फैसला लिया गया।

कैसे जमा करें बैंक डिटेल?

उम्मीदवार NEET UG 2026 के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने आवेदन नंबर और पासवर्ड से लॉगिन कर सकते हैं। इसके बाद 'Fee Refund' लिंक पर क्लिक करके बैंक अकाउंट नंबर, IFSC कोड और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी। NTA ने छात्रों को सलाह दी है कि वे डिटेल्स सावधानीपूर्वक भरें, क्योंकि एक बार जानकारी जमा होने के बाद उसमें बदलाव की अनुमति नहीं होगी।

 

यह भी पढ़ें: 14 साल तक गाय मां रहेगी, फिर सब्जी भाजी? BJP सरकार पर भड़के अविमुक्तेश्वरानंद

किन छात्रों को मिलेगा रिफंड?

NTA की ओर से शुरू की गई यह प्रक्रिया NEET UG 2026 परीक्षा से जुड़े फीस रिफंड के लिए है। यह रिफंड उन सभी छात्रों को मिलेगा जिन्होंने मई महीने में आयोजित हुई परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन किया था। एजेंसी ने उम्मीदवारों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि रिफंड सीधे उनके बैंक खाते में भेजा जाएगा, इसलिए सही बैंक डिटेल्स देना जरूरी है।