मध्य प्रदेश में लाखों स्टूडेंट्स और उनके पेरेंट्स का लंबा इंतजार बुधवार, 25 मार्च को खत्म हो गया। मध्य प्रदेश राज्य शिक्षा केंद्र, स्कूल शिक्षा विभाग ने कक्षा 5वीं और 8वीं के लिए बोर्ड पैटर्न वाले सालाना एग्जाम के रिजल्ट्स अनाउंस किए। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने वल्लभ भवन में हुए एक सेरेमनी में एक क्लिक से रिजल्ट्स जारी किए। इस साल भी एग्जाम रिजल्ट्स में लड़कियों का दबदबा रहा और उन्होंने सफलता के मामले में लड़कों को पीछे छोड़ दिया।

 

आंकड़ों की बात करें तो कक्षा 5वीं का कुल पास प्रतिशत 95.14 रहा है, जबकि कक्षा 8वीं में 93.83% विद्यार्थी सफल घोषित किए गए हैं। इस बार परीक्षाएं पूरी तरह से बोर्ड पैटर्न पर आधारित थीं और प्रश्नपत्रों का स्तर भी पिछले वर्षों की तुलना में थोड़ा कठिन रखा गया था। इसके बावजूद छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों के नतीजों ने विशेषज्ञों को प्रभावित किया है।

 

यह भी पढ़ें: राजस्थान बोर्ड ने जारी किया 10वीं का रिजल्ट, इस डायरेक्ट लिंक से करें चेक

बेटियों ने फिर मारी बाजी

परिणामों के विश्लेषण से साफ है कि मध्य प्रदेश में लड़कियां शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। कक्षा 5वीं में 96.19% लड़कियां पास हुईं, जबकि लड़कों का प्रतिशत 94.15 रहा। इसी तरह कक्षा 8वीं में भी लड़कियों ने 94.98% सफलता दर के साथ अपना परचम लहराया, वहीं 92.74% लड़के ही पास हो सके। परीक्षा के कठिन स्तर और बोर्ड पैटर्न के डर के बावजूद छात्राओं के इस प्रदर्शन की शिक्षा मंत्री ने जमकर सराहना की है।

इंदौर संभाग और नरसिंहपुर जिला रहा टॉप पर

क्षेत्रवार प्रदर्शन को देखें तो इंदौर संभाग और नरसिंहपुर जिले ने पूरे प्रदेश में अपना लोहा मनवाया है। कक्षा 5वीं में संभागों की सूची में शहडोल, नर्मदापुरम और इंदौर टॉप पर रहे, जबकि जिलों में नरसिंहपुर, डिंडोरी और बालाघाट ने बाजी मारी। कक्षा 8वीं के नतीजों में भी इंदौर संभाग और नरसिंहपुर जिला सबसे आगे रहे। इस साल प्रदेश भर के सरकारी, निजी स्कूलों और मदरसों को मिलाकर कुल 23.68 लाख से अधिक छात्र इन परीक्षाओं में शामिल हुए थे।

 

यह भी पढ़ें: बिहार बोर्ड का टॉपर कौन है? 'धुरंधर' स्टूडेंट्स के नाम जानिए

कैसे देखें अपना रिजल्ट?

राज्य शिक्षा केंद्र ने इस बार तकनीक का बेहतर इस्तेमाल करते हुए रिजल्ट देखना काफी आसान बना दिया है। छात्र आधिकारिक वेबसाइट www.rskmp.in पर जाकर स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

  • सबसे पहले RSKMP की आधिकारिक वेबसाइट rskmp.in पर जाएं।
  • होम पेज पर दिख रहे 'Class 5 & 8 Result 2025-26' वाले लिंक पर क्लिक करें।
  • अब एक नया पेज खुलेगा, जहां आपको अपना समग्र आईडी (Samagra ID) या रोल नंबर और कैप्चा भरना होगा।
  • सारी जानकारी भरने के बाद 'Show' बटन पर क्लिक करें।
  • क्लिक करते ही आपका रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देने लगेगा।
  • रिजल्ट को अच्छे से चेक करें और उसे डाउनलोड कर लें। भविष्य के लिए एक प्रिंट (हार्ड कॉपी) भी जरूर निकाल कर रख लें।