भारत में लाखों युवाओं का सपना सरकारी नौकरी करना होता है। इसके लिए देश के अलग-अलग हिस्सों में युवा अलग-अलग भर्ती परीक्षाओं की तैयारी भी करते हैं। इस हफ्ते कई नई भर्तियों के फॉर्म निकले हैं। अगर आप सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं और इन भर्तियों के लिए योग्य हैं तो आप इनमें अप्लाई कर सकते हैं। इन भर्तियों की लोकेशन देश के अलग-अलग हिस्से हैं और सैलरी, सुविधाएं भी हर भर्ती में अलग-अलग हैं। आप भर्ती के नोटिफिकेशन देखकर भर्ती की सारी जानकारी ले सकते हैं।
 
इन दिनों दिल्ली पुलिस में हजारों पदों पर भर्ती के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जारी है। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने दिल्ली पुलिस कांस्टेबल के 7,565 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के लिए इच्छुक और योग्य उम्मीदवार एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं। नोटिफिकेशन के अनुसार, इस भर्ती के लिए उम्मीदवार 21 अक्टूबर तक अप्लाई कर पाएंगे और आवेदन सिर्फ ऑनलाइन मोड में ही स्वीकार किए जाएंगे। 

 

यह भी पढ़ें-- दिल्ली पुलिस में 7565 पदों पर निकली भर्ती, 12वीं पास कर सकते हैं आवेदन

 

दिल्ली पुलिस में एक और भर्ती भी निकली है। इस भर्ती के जरिए ड्राइवर और हेड-कांस्टेबल के 737 पद भरे जाएंगे। इसके लिए भी एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। इस भर्ती के लिए इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 15 अक्टूबर 2025 तक अप्लाई कर सकते हैं। 

बिहार पुलिस में निकली भर्ती

बिहार के युवाओं के पास पुलिस विभाग में नौकरी पाने का मौका है। केंद्रीय चयन पर्षद (CSBC) ने 4 हजार से ज्यादा पदों को भरने के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है और इसकी रजिस्ट्रेशन प्रोसेस 6 अक्टू्बर से शुरू होगी। इस भर्ती में सिपाही के पदों पर भर्ती होगी। 12वीं पास युवा इस भर्ती के लिए अप्लाई कर सकते हैं। चार हजार से ज्यादा पदों पर निकली इस भर्ती के लिए 5 नवंबर 2025 तक अप्लाई कर सकते हैं। 

SSC ने निकाली भर्ती

कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने दिल्ली पुलिस और सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज (CAPF) में सब-इंस्पेक्टर (SI) के पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के जरिए 3073 पद भरे जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवार एसएससी के आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in. पर फॉर्म भर सकते हैं। इस भर्ती के लिए फॉर्म भरने की लास्ट डेट 16 अक्टूबर है। 

रेलवे में निकली भर्ती 

रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने NTPC 2025-26 की भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए देशभर में कुल 8,875 पद भरे जाएंगे। इसमें ग्रेजुएट और 12वीं पास दोनों तरह के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती स्टेशन मास्टर, गुड्स गार्ड, क्लर्क, टाइपिस्ट, ट्रैफिक असिस्टेंट जैसे गैर तकनीकी पदों  के लिए निकाली गई है। इच्छुक उम्मीदवार आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इस भर्ती का फॉर्म भर पाएंगे। इस भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के अनुसार सैलरी मिलेगी। 

 

यह भी पढ़ें-- RRB NTPC ग्रेजुएट लेवल CBT-1 का रिजल्ट जारी, जानिए अब क्या करना होगा

स्पोर्ट्स ट्रेनर भर्ती

खेल में रुचि रखने वाले युवाओं के पास नौकरी पाने का एक बेहतरीन मौका है। बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) ने स्पोर्ट्स ट्रेनर के 379 पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के लिए इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bssc.bihar.gov.in पर जाकर अप्लाई कर पाएंगे। इस भर्ती के लिए 9 अक्टूबर से रजिस्ट्रेशन प्रोसेस शुरू होगी और 11 नवंबर लास्ट डेट तय की गई है। 

DDA में निकली भर्ती

दिल्ली डेवलेपमेंट अथॉरिटी (DDA) ने कई पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। अगर आप दिल्ली में सरकारी नौकरी पाना चाहते हैं तो यह आपके लिए एक सुनहरा मौका हो सकता है।  इस भर्ती के तहत जूनियर इंजीनियर, असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, स्टेनोग्राफर, असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर सहित कुल 1732 पदों को भरा जाएगा। नोटिफिकेशन के अनुसार, इस भर्ती के लिए रजिस्ट्रेशन 6 अक्टूबर 2025 से शुरू हो जाएगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट https://dda.gov.in/latest-jobs पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। इस भर्ती के लिए अप्लाई करने की लास्ट डेट 5 नवंबर 2025 तय की गई है।