उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर (SI) की 4543 भर्तियां निकली हैं। इस भर्ती के लिए आधिकारिक वेबसाइट (uppbpb.gov.in) पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। अप्लाई करने की लास्ट डेट 11 सितंबर 2025 तय की गई है। अब युवाओं के मन में सवाल है कि इस भर्ती के लिए तैयारी कैसे की जाए। एग्जाम पैटर्न क्या होगा और किन टॉपिक्स को पढ़कर इस भर्ती में सिलेक्ट हो सकते हैं। इस एग्जाम में अच्छा स्कोर करने के लिए कुछ टिप्स हैं जिनका हर एक उम्मीदवार को ध्यान रखना चाहिए।

 

इस एग्जाम का पूरा सिलेबस भर्ती बोर्ड ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर सिलेबस और एग्जाम पैटर्न दिया हुआ है। लिखित परीक्षा कुल 400 नंबरों की होगी। इस परीक्षा के लिए 2 घंटे यानी 120 मिनट का समय दिया जाएगा। इस समय में आपको कुल 160 प्रश्नों का उत्तर देना होगा। एग्जाम पैटर्न की बात करें तो इसमें बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। एग्जाम के लिए चार सेक्शन बनाए गए हैं। पहले सेक्शन में सामान्य हिंदी के 40 प्रश्न, दूसरे सेक्शन में संविधान और जनरल नॉलेज से जुडे़ 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। तीसरे सेक्शन में न्यूमेरिकल और मेंटल एबिलिटी के 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। तीसरे सेक्शन में मानसिक रुचि टेस्ट, दिमागी क्षमता टेस्ट , तर्क परीक्षा होगी, जिसमें 40 प्रश्न पूछे जाएंगे।

 

यह भी पढ़ें-- फिर आया UP पुलिस में दरोगा बनने का मौका, 4543 पदों पर होगी भर्ती

यूपी एसआई भर्ती सिलेबस

सेक्शन 1- सामान्य हिंदी

हिन्दी और अन्य भारतीय भाषायें, हिन्दी व्याकरण का मौलिक ज्ञान- हिन्दी वर्णमाला, तद्भव-तत्सम, पर्यायवाची, विलोम, अनेकार्थक, वाक्यांशों के स्थान पर एक शब्द, समरूपी भिन्नार्थक शब्द, अशुद्ध वाक्यों को शुद्ध करना, हिन्दी भाषा में पुरस्कार, लिंग, वचन, कारक, सर्वनाम, विशेषण, क्रिया, काल, वाच्य, अव्यय, उपसर्ग, प्रत्यय, सन्धि, समास, विराम-चिन्ह, मुहावरे एवं लोकोक्तियां, रस, छन्द, अलंकार के साथ-साथ प्रसिद्ध कवि, लेखक और उनकी प्रसिद्ध रचनायें।

सेक्शन 2 - संविधान और जनरल नॉलेज

संविधान का उद्देश्य, मौलिक अधिकार, नीति निदेशक तत्व एवं मूल कर्तव्य, संसदीय व्यवस्था, केन्द्रीय एवं प्रदेशीय सरकारों का गठन एवं उनके अधिकार, कानून बनाने का अधिकार, स्थानीय शासन, केन्द्र और राज्यों के बीच सम्बन्ध, निर्वाचन तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारी में संवैधानिक अनुसूचियां, अखिल भारतीय सेवायें और उनकी चयन प्रक्रिया के बारे में सामान्य जानकारी।भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), महिलाओं, बच्चों,अनुसूचित जाति के सदस्यों को संरक्षण देने सम्बन्धी कानूनी प्रावधान, यातायात नियमों, पर्यावरण संरक्षण, वन्य जीव संरक्षण, मानवाधिकार संरक्षण, सूचना का अधिकार अधिनियम, आयकर अधिनियम, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम, आईटी अधिनियम, साइबर क्राइम, जनहित याचिका, कोर्ट के महत्वपूर्ण फैसले, भूमि सुधार, भूमि अधिग्रहण, भू-राजस्व संबंधी कानूनों का सामान्य ज्ञान।

 

सामान्य विज्ञान, स्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य विज्ञान, भारत का इतिहास, भारत का स्वतंत्रता संग्राम, भारतीय अर्थव्यवस्था एवं संस्कृति, भारतीय कृषि, वाणिज्य एवं व्यापार, जनसंख्या, पर्यावरण एवं नगरीकरण, एफ0डी0आई0 (फारेन डायरेक्ट इन्वेस्टमेन्ट), विश्व भूगोल तथा भारत का भूगोल और प्राकृतिक संसाधन, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय महत्व के करंट टॉपिक, यूपी की शिक्षा संस्कृति और सामाजिक प्रथाओं के सम्बन्ध में विशिष्ट जानकारी, यूपी में राजस्व, पुलिस और सामान्य प्रशासनिक व्यवस्था, भारत और उसके पड़ोसी देशों के बीच सम्बन्ध, कम्प्यूटर स्किल्स की बेसिक जानकारी, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी की बेसिक नॉलेज, सोशल मीडिया कम्युनिकेशन

 

यह भी पढ़ें-- UP-बिहार से राजस्थान-दिल्ली तक निकली बंपर भर्तियां, जानिए पूरा प्रोसेस

सेक्शन 3- न्यूमेरिकल और मेंटल एबिलिटी

संख्या पद्धति, सरलीकरण, दशमलव और भिन्न, महत्तम समापवर्तक (HCF) और लघुत्तम समापवर्त्य (LCM), अनुपात-समानुपात, प्रतिशतता, लाभ-हानि, छूट, साधारण और चक्रवृद्धि ब्याज, भागीदारी, औसत, समय और कार्य, समय और दूरी, तालिका और ग्राफ का प्रयोग, क्षेत्रफल-आयतन। रीजनिंग में तार्किक आरेख, संकेत और चिह्न आधारित सवाल, सामान्य समझ से जुड़े प्रश्न, शब्द रचना, अक्षर व संख्या शृंखला, शब्द और वर्णमाला की समानता, दिशा ज्ञान, आंकड़ों का विश्लेषण, व्यावहारिक ज्ञान से जुड़े प्रश्न, सही तर्क करना और कथनों से छिपे हुए अर्थ निकालना जैसे सवाल पूछे जाते हैं।

 

सेक्शन 4- मेंटल एप्टीट्यूड

संबंध और आंशिक समानता की पहचान, असमान वस्तु को चुनना, शृंखला पूरी करना, संकेत या सांकेतिक भाषा को समझना, दिशा ज्ञान से जुड़े प्रश्न, रक्त संबंध, वर्णमाला पर आधारित प्रश्न, समय क्रम से जुड़े सवाल, वेन आरेख और चार्ट जैसे प्रश्न, गणितीय योग्यता, वस्तुओं को सही क्रम में लगाना, समानता और भिन्नता पहचानना, खाली स्थान भरना, समस्या हल करना, विश्लेषण और निर्णय लेना, दृश्य स्मृति और पहचान की क्षमता, पर्यवेक्षण करना, संबंध और अवधारणा से जुड़े प्रश्न, अंकगणितीय तर्क, शब्द और आकृति का वर्गीकरण, संख्या शृंखला और अमूर्त विचारों, प्रतीकों और उनके संबंधों को समझने की क्षमता शामिल है।

 

यह भी पढ़ें--  बिहार में AEDO के 935 पदों पर निकली भर्ती, फॉर्म से तक सिलेबस सब जानिए

कैसे करें तैयारी?

इन सभी सेक्शन में मिले नंबरों के आधार पर आपको तैयारी करनी होगी। इनके आधार पर ही मेरिट लिस्ट बनेगी। कहां से पढ़ाई करनी है इस बारे में बहुत से युवा असमंझस में होते हैं। आपको बता दें कि पूरा सिलेबस देखने के बाद आप खुद अपने नोट्स तैयार कर सकते हैं। ये सारे टॉपिक 6वीं से 12वीं तक की किताबों में दिए गए हैं तो आप उनसे भी पढ़ाई कर सकते हैं। इसके साथ ही आप यूट्यूब या किसी अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से भी मदद ले सकते हैं। जनरल नॉलेज और करंट अफेयर के लिए डेली न्यूज पेपर पढ़ा जा सकता है। 

कुछ जरूरी टिप्स

हिंदी और रीजनिंग दो ऐसे विषय हैं जिनमें ज्यादातर उम्मीदवार अच्छा स्कोर कर सकते हैं। अगर आप इन दोनों विषयों में अच्छा प्रदर्शन कर लेते हैं तो आपका चयन होने की संभावना बढ़ जाएगी। इस भर्ती के लिए इतने ज्यादा टॉपिक दिए गए हैं कि आपको समय कम पड़ जाएगा। ऐसे में ज्यादातर उम्मीदवार सिलेबस पूरा करने पर ज्यादा ध्यान देते हैं लेकिन रेगुलर प्रैक्टिस से आप पहले पढ़े गए टॉपिक्स को याद रख सकते हो।

 

पुरानी भर्तियों में पूछे गए सवाल आपके लिए मददगार हो सकते हैं। हर महीने अपने नोट्स बनाते रहें और ज्यादा ध्यान यूपी केंद्रीत विषयों पर दें। सरकार से जुड़ी खबरों पर नजर रखें। हर हफ्ते कम से कम एक मॉक टेस्ट दीजिए, जिससे आपको आपकी तैयारी का पता चलता रहे। इसके साथ ही आप अपनी गलतियों को एक जगह नोट करते रहिए और उनमें कितना सुधार आया है इस बारे में जांच करते रहें।