दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी कालकाजी विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। उन्होंने चुनाव लड़ने के लिए जनता से आर्थिक मदद मांगी है। आतिशी ने कहा था कि चुनाव लड़ने के लिए क्राउंड फंडिंग की जरूरत है। उन्होंने 40 लाख रुपये जनता से मांगे थे। आतिशी को अब तक 20 लाख रुपये से ज्यादा चंदा मिल चुका है। 

आतिशी का कहना है कि वह जनता के पैसे से चुनाव लड़ना चाहती हैं। आतिशी ने शनिवार को कहा था, 'जनता के सहयोग से ही मैं कालकाजी विधानसभा चुनाव लड़ूंगी। चुनाव लड़ने के लिए 40 लाख रुपये की जरूरत है। क्राउड फंडिंग अभियान को सपोर्ट करें। इच्छा अनुसार कोई भी राशि दे सकते हैं।'

आतिशी ने कहा था, 'आम आदमी पार्टी के विधायक और मंत्री ईमानदारी से काम करते हैं। हमने पिछला चुनाव भी जनता की मदद से लड़ा था। मुझे 40 लाख रुपये चुनाव लड़ने के लिए चाहिए। दिल्ली के लोग 100 या 1000 रुपये देकर हमारी मदद कर सकते हैं। हम जनता के चंदे पर भरोसा करते हैं, बड़े व्यापारियों से पैसे नहीं लेते।'

मुख्यमंत्री जैसे अहम पद पर बैठीं आतिशी अगर क्राउड फंडिंग के जरिए चुनाव लड़ रही हैं तो क्या आम आदमी पार्टी के नेताओं के पास आर्थिक तंगी है? क्या उनके पास चुनाव लड़ने तक के पैसे नहीं हैं? सच्चाई जानने के लिए उनके चुनावी हलफनामे की खबरगांव ने पड़ताल की।

यह भी पढ़ें: AAP तय कर रही है दिल्ली में BJP-कांग्रेस का मेनिफेस्टो, समझिए कैसे

चंदा मांग रही हैं सीएम आतिशी हैं बेहद अमीर
आतिशी चुनाव लड़ने के लिए भले ही क्राउड फंडिंग के सहारे हों लेकिन वह खुद करोड़पति हैं। चुनाव आयोग में दायर हलफनामे के मुताबिक आतिशी की कुल नेट वर्थ 1.41 करोड़ से ज्यादा है। उन पर कोई कर्ज नहीं है। 1 करोड़ से ज्यादा रकम उनके बैंक खातों में जमा हैं। 

कितने अमीर-गरीब हैं AAP के विधायक-मंत्री?

अरविंद केजरीवाल खुद करोड़पति नेता हैं। उनके पास 3 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। अजेश यादव के पास 3 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। गोपाल राय के पास 90 लाख से ज्यादा संपत्ति है। 

सोमनाथ भारती के पास 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। नरेश बालयान क पास 58 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। प्रमिला टोकस के पास 80 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। 

शिव चरण गोयल भी आम आदमी पार्टी के चर्चित विधायक हैं। उनकी नेट वर्थ 24 करोड़ से ज्यादा है।

मुख्यमंत्री आतिशी, अरविंद केजरीवाल और राघव चड्ढा। (Photo Credit: PTI)

 करतार सिंह तंवर अब बीजेपी में हैं। साल 2020 में वह AAP से विधायक थे। उनकी नेट वर्थ 23 करोड़ से ज्यादा है। रघुविंदर शौकीन के पास 12 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। 

ओम प्रकाश शर्मा के पास 24 करोड़ रुपये से ज्यादा संपत्ति है। राजेश गुप्ता के पास 2 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। विजेंद्र कुमार के पास 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। अमानतुल्लाह खान के पास 3 करोड़ से ज्यादा संपत्ति है। 

यह भी पढ़ें-  LIVE: महाकुंभ का पहला स्नान, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

कैलाश गहलोत AAP के दिग्गज नेता रहे हैं, अब वह बीजेपी में हैं। साल 2020 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक (तब वे AAP में थे) कैलाश गहलोत की नेट वर्थ 46 करोड़ से ज्यादा है।  


AAP विधायकों की औसत संपत्ति क्या है?

साल 2020 के चुनावी हलफनामों के मुताबिक AAP के विधायकों की औसत संपत्ति 8 करोड़ रुपये से ज्यादा है। साल 2015 में AAP नेताओं की औसत संपत्ति 7 करोड़ से ज्यादा थी। 5 साल में औसत संपत्ति में इजाफा 86 लाख रुपये से ज्यादा हुआ।