तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने रविवार को डीएमके के चुनाव घोषणापत्र को 2026 के चुनाव का सुपरस्टार बताया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वादे तो कोई भी कर सकता है, लेकिन जनता भरोसा सिर्फ उनकी पार्टी के वादों पर करती है। धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन (SPA) की एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए डीएमके अध्यक्ष स्टालिन ने कहा, 'छह से 60 साल की उम्र तक महिलाओं से लेकर पुरुषों तक, युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई डीएमके के चुनावी घोषणापत्र को पसंद करता है। ऐसा कोई हो ही नहीं सकता जो इसे नापसंद करे।'
उन्होंने लोगों से कहा, 'मैंने इसे 2026 के चुनाव के सुपरस्टार के रूप में पेश किया है।' मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि किसी वादे की विश्वसनीयता इस बात पर निर्भर करती है कि उसे कौन करता है।
यह भी पढ़ें: 'हाथ जोड़ेगा, माफी मांगेगा, जेल जाएगा...', CM हिमंता पर राहुल गांधी का पलटवार
महिलाओं पर डीएमके का खास ध्यान
सीएम स्टालिन ने कहा, 'लोग केवल डीएमके के वादे पर ही विश्वास करते हैं। बाकी लोग जो भी कहें, उसका कोई महत्व नहीं है।' स्टालिन ने बताये कि घोषणापत्र वादों को बताते हुए कहा कि इल्लाथरासी (गृहिणी) योजना है। उन्होंने इस इस योजना को शानदार घोषणा बताया, जिसमें महिलाओं को घरेलू सामान खरीदने के लिए 8,000 रुपये का कूपन दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जहां तक मुझे पता है इस योजना से हमारे परिवार मुखियाओं के घरेलू काम का बोझ काफी कम हो जाएगा। यही इस योजना का मुख्य उद्देश्य है। सीएम ने यह भी कहा कि महिलाएं अपनी पसंद की किसी भी दुकान से वॉशिंग मशीन, फ्रिज से लेकर माइक्रो-ओवन तक खरीद सकती हैं।
मासिक सहायता 1,000 से बढ़ाकर 2,000 रुपये
मुख्यमंत्री ने 'मगलिर उरिमई थोगई' योजना के तहत मिलने वाली मासिक सहायता राशि को 1,000 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये करने का भी वादा किया। स्टालिन ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए आगामी चुनाव को तमिलनाडु टीम और दिल्ली टीम के बीच की लड़ाई बताया। उन्होंने AIADMK अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पाडी पलानीस्वामी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उनका पूरा चुनाव अभियान झूठ और निम्न स्तर की बातों पर टिका हुआ है।
यह भी पढ़ें: कोलकाता जिलाः क्या इस बार खाता खोल पाएगी बीजेपी या टीएमसी का ही होगा दबदबा?
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने पलानीस्वामी को झूठा और विश्वासघात का प्रतीक बताया। स्टालिन ने आरोप लगाया, 'अगर विश्वासघात को कोई नाम दिया जाए तो वह पलानीस्वामी है। उन्होंने अपनी ही पार्टी में जे. जयललिता से लेकर वी के शशिकला और ओ. पनीरसेल्वम तक सभी के साथ विश्वासघात किया है।
मुख्यमंत्री ने पलानीस्वामी के इस आरोप का भी जवाब दिया कि डीएमके ने सरकारी कर्मचारियों को धोखा दिया है। उन्होंने कहा, 'अगर हमने उन्हें धोखा दिया होता, तो क्या सरकारी कर्मचारी संघ के पदाधिकारी फोर्ट में मुझसे मिलने आते, धन्यवाद देते और मुझे मिठाई खिलाते? उन्होंने आरोप लगाया कि पलानीस्वामी डीएमके की कल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से पैदा हुई असहनीय निराशा के कारण ऐसे बयान दे रहे हैं। स्टालिन ने चेतावनी दी कि बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए का उद्देश्य तमिलनाडु के विकास को रोकना है।
