दिल्ली  विधानसभा चुनाव 2025 में इस समय यमुना का मुद्दा सबसे ज्यादा गरमाया हुआ है। अब हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। सैनी ने कहा कि केजरीवाल ने उस भूमि को कलंकित किया है, जहां वह पैदा हुए। 

 

दरअसल, हरियाणा में जन्मे अरविंद केजरीवाल ने दावा किया था कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने दिल्ली को मिलने वाले यमुना के पानी में अमोनिया मिलाकर उसे जहरीला कर दिया है। बाद में उन्होंने कहा कि दिल्ली आने वाले पानी में अमोनिया की मात्रा 7 पीपीएम से घटकर 2 पीपीएम रह गई है। 

'जहां पैदा हुए उसी को कलंकित किया...' यमुना पर आखिरी दौर की जंग, BJP-AAP ने क्या कहा?

केजरीवाल की जगह हरियाणा में नहीं बल्कि तिहाड़ में है...

नायब सिंह सैनी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, 'भ्रष्टाचारी केजरीवाल ने उस धरती को कलंकित किया है, जहां वे पैदा हुए हैं। उनकी जगह हरियाणा में नहीं, बल्कि तिहाड़ जेल में है।' सैनी ने एक्स पर एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें उन्हें दिल्ली में भ्रष्टाचार को लेकर अरविंद केजरीवाल पर हमला करते देखा जा सकता है। हरियाणा के सीएम ने वीडियो में कहा, 'भ्रष्टाचारी अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को धोखा दिया है, 5 फरवरी के बाद उन्हें तिहाड़ जेल भेजा जाएगा।'

 

सैनी ने अरविंद केजरीवाल पर झूठ बोलने का आरोप लगाया

दिल्ली के मुंडका के रानी खेड़ा इलाके में एक रैली को संबोधित करते हुए सैनी ने केजरीवाल झूठ की दुकान बताया। सैनी ने कहा, 'अरविंद केजरीवाल ने झूठ की दुकान खोल रखी है, जिसे दिल्ली की जनता 8 फरवरी को बंद कर देगी।' सीएम ने आगे दावा किया कि केजरीवाल केवल अपने फायदे के लिए झूठ बोलते हैं। उन्होंने कहा, 'जब उन्होंने यमुना में जहर वाली बात कही तो मैं भी चिंतित हो गया था, क्योंकि उन्होंने मुझ पर भी आरोप लगाया था लेकिन मैं आपको बताना चाहता हूं केजरीवाल हरियाणा की धरती पर पैदा हुए हैं लेकिन आपने उस धरती पर एक काला धब्बा लगा दिया है। जब आप हरियाणा के नहीं हैं तो आप दिल्ली के कैसे हो सकते हैं? जब वह झूठ बोलते हैं तो अपने फायदे के लिए कुछ भी कर सकते हैं।'

 

यह भी पढ़ें: हवा में लटकते पाइप, मोल का पानी, BJP ने 'फ्री पानी' पर AAP को घेरा

कांग्रेस ने क्या लगाए आरोप?

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रविवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केजरीवाल को यमुना की सफाई को लेकर घेरा। अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने एक बोतल में यमुना का गंदा पानी दिखाया और उसे अरविंद केजरीवाल को पीने को कहा। उन्होंने गंदा पानी दिखाते हुए कहा, 'केजरीवाल जी ये आपके पीने का पानी है, इसमें बदबू आ रही है।' 

 

राहुल गांधी ने कहा, 'अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि वह नई राजनीतिक व्यवस्था लाएंगे, भ्रष्टाचार खत्म करेंगे। उन्होंने यह भी वादा किया था कि वह पांच साल के भीतर यमुना का पानी साफ करेंगे और उसमें डुबकी लगाएंगे, लेकिन यमुना अभी भी गंदी है। मैं केजरीवाल इसे पीने (यमुना का पानी) के लिए कहूंगा, उसके बाद हम अस्पताल में मिलेंगे।' 

भाजपा ने क्या लगाए आरोप?

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हमने केजरीवाल के कटआउट को यमुना में डुबकी लगवाई। इस कटआउट को भी एम्स में भर्ती कराना पड़ा। शाह ने आगे कहा, 'हरियाणा वालों ने यमुना में कोई जहर नहीं मिलाया बल्कि केजरीवाल ने प्रदूषण मिलाया है। भाजपा की सरकार आएगी तो हम दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाएंगे।'

AAP ने क्या कहा?

कुछ दिनों पहले केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने यमुना के पानी में मिलावट कर उसको जहर बना दिया है। इसके खिलाफ आवाज उठाने पर भाजपा और कांग्रेस मेरे ऊपर केस करना चाहती हैं।