दिल्ली में 27 साल बाद फिर बीजेपी सरकार बनने जा रही है। विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 70 में से 48 सीटें जीत लीं। दिल्ली में बीजेपी का ये दूसरा सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा। इससे पहले 1993 में बीजेपी ने 49 सीटें जीती थीं। हालांकि, उसके बाद बीजेपी फिर कभी सत्ता में वापसी नहीं कर पाई। अब वापसी भी दमदार तरीके से की है।
दूसरी तरफ, पिछले दो चुनाव में 60 से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाने वाली आम आदमी पार्टी 22 सीटों पर सिमट गई है। कांग्रेस फिर 0 पर ही रही। कई सीटों पर उसने आम आदमी पार्टी के वोट काटे, जिसका फायदा बीजेपी को मिला।
बहरहाल, चुनाव के बाद नई विधानसभा में आम आदमी पार्टी के अमानतुल्लाह खान ऐसे विधायक हैं, जिनपर सबसे ज्यादा क्रिमिनल केस दर्ज हैं। बीजेपी के करनैल सिंह सबसे रईस विधायक हैं।
ये भी पढ़ें-- 'कांग्रेस के हाथ ने दिया BJP का साथ!' कहां-कहां AAP के साथ हुआ खेल?
5 प्वॉइंट्स में विधायकों का हिसाब
- सबसे ज्यादा क्रिमिनल केसः ओखला सीट से जीतकर फिर विधायक बने आम आदमी पार्टी के अमानतुल्लाह खान पर 19 क्रिमिनल केस दर्ज हैं। दूसरे नंबर पर कोंडली से AAP विधायक कुलदीप कुमार हैं, जिनपर 7 केस हैं। तिलक नगर से जरनैल सिंह पर 4 और बुराड़ी से संजीव झा पर 2 केस हैं। जरनैल सिंह और संजीव झा भी AAP से ही हैं।
- सबसे अमीरः बीजेपी के करनैल सिंह सबसे अमीर विधायक हैं। शकूरबस्ती से जीते करनैल सिंह के पास 259 करोड़ की संपत्ति है। उनके बाद राजौरी गार्डन से जीते बीजेपी विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा के पास 249 करोड़ रुपये की संपत्ति है। तीसरे नंबर पर पर बीजेपी के प्रवेश वर्मा हैं, जिनके पास 115 करोड़ रुपये की संपत्ति है। प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को हराया है।
- कितने पढ़े-लिखेः नई विधानसभा में 27 विधायक पोस्ट ग्रेजुएट, 18 ग्रेजुएट और 25 अंडर ग्रेजुएट हैं। बीजेपी के 13 और आम आदमी पार्टी के 5 विधायक पोस्ट ग्रेजुएट हैं। बदरपुर से जीते आम आदमी पार्टी के राम सिंह 5वीं पास हैं। वहीं, आंबेडकर नगर से चुने गए आम आदमी पार्टी के डॉ. अजय दत्त PhD होल्डर हैं।
- उम्र का हिसाबः दिल्ली की नई विधानसभा में राजिंदर नगर से जीते बीजेपी के उमंग बजाज सबसे युवा विधायक हैं। उनकी उम्र 31 साल है। वहीं, त्रिनगर से जीते बीजेपी विधायक तिलक राम गुप्ता 73 साल के हैं।
- महिलाएं कितनीः इस बार 5 महिला विधायक चुनी गईं हैं। इनमें कालकाजी से आतिशी (आम आदमी पार्टी), शालीमार बाग से रेखा गुप्ता (बीजेपी), नजफगढ़ से नीलम पहलवान (बीजेपी), वजीरपुर से पूनम शर्मा (बीजेपी) और ग्रेट कैलाश से शिखा रॉय (बीजेपी) हैं। 2020 के चुनाव में 8 महिला विधायक चुनी गई थीं।
ये भी पढ़ें-- AAP की प्रचंड लहर में भी जिन सीटों पर जीती थी BJP, वहां किसकी जीत?
मोहन सिंह बिष्ट सबसे ज्यादा बार जीते
बीजेपी के मोहन सिंह बिष्ट सबसे ज्यादा बार चुनाव जीतने वाले विधायक हैं। बिष्ट हमेशा करावल नगर से चुनाव लड़ते थे लेकिन इस बार बीजेपी ने उनकी जगह कपिल मिश्रा को यहां से टिकट दिया। बिष्ट ने इस बार मुस्तफाबाद से चुनाव लड़ा। मोहन सिंह बिष्ट करावल नगर से 1998, 2003, 2008, 2013 और 2020 में चुनाव जीत चुके हैं। छठी बार मुस्तफाबाद से उन्होंने आम आदमी पार्टी के आदिल अहमद खान को 17,578 वोटों से हराकर चुनाव जीता।