दिल्ली में जोर-शोर से विधानसभा चुनाव प्रचार किए जा रहे है। 5 फरवरी को वोटिंग होगी और 8 को चुनाव के परिणाम घोषित हो जाएंगे। इस बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। मंगलवार शाम शालीमार बाग विधानसभा सीट में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में सैनी ने एक जनसभा को संबोधित किया।

 

इस दौरान उन्होंने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला। अपने भाषण में उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर गरीब लोगों का शोषण करने का आरोप लगाया और कहा कि केजरीवाल शिक्षा में सुधार की बात करते हैं लेकिन हर गली में शराब की दुकानें खोल देते हैं।

8 फरवरी को राजधानी में भाजपा की सरकार बनेगी

मीडिया से बात करते हुए नायब सैनी ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर भरोसा जताया और कहा कि 8 फरवरी को राजधानी में भाजपा की सरकार बनेगी। सीएम सैनी ने कहा, 'पिछले 10 सालों में अरविंद केजरीवाल ने गरीब लोगों की भावनाओं के साथ खेला है और उनका शोषण किया है। अरविंद केजरीवाल कहते हैं कि बीजेपी ने AAP के संकल्प पत्र की नकल की है। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि हम अरविंद केजरीवाल के संकल्प पत्र की नकल करके तिहाड़ नहीं जाना चाहते।'

 

'शिक्षा में सुधार करने वाले केजरीवाल...'

मुख्यमंत्री सैनी ने आगे कहा, 'केजरीवाल शिक्षा में सुधार की बात करते हैं लेकिन हर गली में शराब की दुकानें खोल देते हैं। उन्होंने दिल्ली के गरीब लोगों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित कर दिया है। इतिहास में यह पहली बार है कि एक मुख्यमंत्री और उनके कई मंत्री जेल गए हैं। ऐसा किसी अन्य राज्य में कभी नहीं हुआ। अब लोगों का उन पर से भरोसा उठ गया है। दिल्ली के लोग 5 फरवरी का इंतजार कर रहे हैं, 8 फरवरी को 'कमल की सरकार' बनेगी।'

 

हरियाणा के सीएम ने आगे दावा किया कि चुनाव के बाद AAP के संयोजक तिहाड़ जेल जाएंगे क्योंकि जो पैसा गरीबों पर खर्च होना चाहिए था, वह उन्होंने खुद पर खर्च कर दिया। उन्होंने कहा, 'केजरीवाल ने गरीबों को छत तक नहीं दी, बल्कि अपने लिए 'शीश महल' बनवा लिया। दिल्ली की जनता सब समझती है।'

 

यह भी पढ़ें: केजरीवाल को झटका! जमानत के 10 लाख भरने वाला नेता BJP में चला गया

दिल्ली और पंजाब का कैसा हाल?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए नायब सैनी ने कहा कि पीएम ने गरीबों को आयुष्मान कार्ड मुहैया कराया है जिससे पांच लाख रुपये तक का इलाज हो सकता है। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब व्यक्तियों को पांच लाख आयुष्मान कार्ड प्रदान किए हैं, जिससे वो किसी भी अस्पताल में इलाज करा सकते हैं। हरियाणा में लोगों को इस योजना का लाभ मिल रहा है लेकिन दिल्ली और पंजाब के लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है, क्योंकि वहां AAP की सरकार है।'