पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों के 15 पोलिंग बूथों पर 2 मई को दोबारा मतदान होगा। भारत निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को यह ऐलान किया। अधिसूचना के मुताबिक दक्षिण 24 परगना के मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 बूथों और डायमंड हार्बर विधानसभा के 4 बूथों पर शनिवार यानी दो मई को मतदान होगा।
चुनाव आयोग ने कहा कि संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों और 142 मगराहाट पश्चिम और 143-डायमंड हार्बर विधानसभा के पर्यवेक्षकों से प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम- 1951 की धारा 58 की उप-धारा (2) के तहत 29 अप्रैल को हुए मतदान को अमान्य घोषित कर दिया और 2 मई को दोबारा मतदान होगा।
यह भी पढ़ें: अमेरिका के टेक्सास में विमान हादसा, पांच लोगों की मौत; बचाव अभियान जारी
बीजेपी ने लगाया था धांधली का आरोप
चुनाव आयोग के मुताबिक इन बूथों पर शनिवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। बता दें कि बीजेपी ने डायमंड हार्बर लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाली दोनों विधानसभा सीटों के इन मतदान केंद्रों पर बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाया था। यहां से टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी सांसद हैं। आरोपों के बाद चुनाव आयोग ने विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता को भेजा, ताकि आरोपों की जमीनी स्तर पर पड़ताल की जा सके।
चुनाव आयोग के फैसले से हम खुश: सुवेंदु
पश्चिम बंगाल बीजेपी के दिग्गज नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी का कहना है कि इन इलाकों के कई बूथों पर टीएमसी को फायदा पहुंचाने के लिए धांधली की गई थी। हम चुनाव आयोग के दोबारा मतदान के फैसले से खुश हैं।
यह भी पढ़ें: 'फ्लैट में आते थे लड़के, पति से बनाते थे संबंध', पत्नी ने खोला बड़ा राज
बीजेपी के खिलाफ जनादेश: कुणाल घोष
उधर, टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा, 'बीजेपी जानती है कि डायमंड हार्बर और मगराहाट में उसे बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ेगा। इस वजह से वह इन जगहों पर दोबारा मतदान की मांग कर रही है। चुनाव आयोग की सहायता से बीजेपी इन इलाकों के लोगों को दोबारा मतदान की पूरी प्रक्रिया से गुजरने पर मजबूर कर रही है। जनादेश बीजेपी के खिलाफ है। यह वैसा ही रहेगा।'
