सुल्तानपुर माजरा विधानसभा सीट उत्तर-पश्चिम जिले में आती है। इस विधानसभा की सीट संख्या 10 है। इस विधानसभा सीट आम आदमी पार्टी के विधायक मुकेश अहलावत हैं। यह विधानसभा सीट आरक्षित विधानसभा सीटों में से एक है। दिल्ली की गगनचुंबी इमारतों से अलग इस इलाके पर देसी दिल्ली की छाप है।
सुल्तानपुर माजरा विधानसभा सीट पर कांग्रेस का साल 2013 तक दबदबा रहा, साल 2015 से आम आदमी पार्टी का यह गढ़ बन गई है। इस विधानसभा में 3 वार्ड आते हैं, जिन पर साल 2022 के दिल्ली नगर निगम चुनावों में भी आम आदमी पार्टी को जीत मिली थी। मंगोलपुरी, सुल्तानपुरी और सुल्तानपुर तीनों वार्डों में AAP का कब्जा है। एक बार फिर इस विधानसभा सीट से दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे मुकेश अहलावत सियासी मैदान में हैं।
सुल्तानपुर माजरा में मुद्दे क्या हैं?
सुल्तानपुर माजरा का एक बड़ा हिस्सा ऐसा है, जहां सड़कें टूटी हैं, उनकी मरम्मत को लेकर सवाल उठते रहे हैं। पार्कों में आवारा पशु जमा होते हैं, वहां गंदगी भी एक मुद्दा है। टूटी-फूटियां नालियां, खुली नालियां और पानी की किल्लत भी एक बड़ी समस्या है। नालों की सफाई को लेकर सवाल उठते हैं। पार्क टूटे हैं, साफ नहीं हैं। सड़कों पर अतिक्रमण है। पानी का बिल आता है लेकिन साफ पानी लोगों को मुहैया नहीं नहीं हो पा रहा है। कुछ बड़े पार्क हैं, कुछ छोटे इलाके हैं जो अतिक्रमण का शिकार हैं।
यह भी पढ़ें: नरेला विधानसभा: कैंडिडेट बदलकर सीट बचा पाएगी AAP या पलटेगी बाजी?
सीट का इतिहास?
सुल्तानपुर माजरा सीट से बीजेपी को कभी जीत नहीं मिली है। साल 1993 से लेकर 2013 तक कांग्रेस पार्टी का इस सीट पर दबदबा रहा है। साल 1993 में इस सीट से जय किशन कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े, उन्हें जीत मिली। साल 1998 में सुशीला देवी लड़ीं, उन्हें भी जीत मिली, वे भी कांग्रेस से थीं। साल 2003, 2008 और 2013 के विधानसभा चुनावों में यहां से जय किशन ही जीते। वे कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शुमार थे। साल 2015 में आम आदमी पार्टी की लहर में संदीप कुमार को बंपर जीत मिली। साल 2020 में मुकेश कुमार अहलावत यहां से चुनाव लड़े और जीते।
2020 में क्या हुआ था?
साल 2020 के विधानसभा चुनाव में मुकेश कुमार अहलावत इस सीट से चुने गए। एक बार फिर 2025 में भी उन्हीं पर आम आदमी पार्टी ने भरोसा किया है। 2020 के चुनाव में मुकेश कुमार को 74,573 वोट पड़े थे। दूसरे नंबर पर बीजेपी के राम चंदेर चवरिया थे, उन्हें कुल 26521 वोट पड़े थे। कांग्रेस के जय किशन को 9033 वोट पड़े थे।
यह भी पढ़ें: 'दिल्ली में मीम, AI, वीडियो वार,' सियासी दलों के चुनावी हथियार
सुल्तानपुर माजरा के जातीय-धार्मिक समीकरण?
सुल्तानपुर माजरा आरक्षित सीटों में से एक है। यह सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। इस सीट पर अनुसूचित जाति की आबादी 36 फीसदी, मुस्लिम 11 फीसदी, ब्राह्मण 8.2 फीसदी, बनिया 5.6 फीसदी और पंजाबी समुदाय 5 प्रतिशत है। ओबीसी और अन्य समुदाय यहां 35 फीसदी हैं।
इस बार कौन-कौन लड़ रहा है चुनाव?
सुल्तानपुर माजरा (SC) सीट से आम आदमी पार्टी ने मुकेश कुमार अहलावत को उतारा है। कांग्रेस ने जय किशन को टिकट दिया है। बीजेपी ने कर्म सिंह वर्मा पर भरोसा जताया है।