पुडुचेरी के चुनाव में उतरे एक नेता की चर्चा इस बार कई कारणों से हो रही है। इसी नेता के कारण सत्ताधारी गठबंधन में टकराव हुआ। इस नेता की खुद की पार्टी है लेकिन परिवार के लोग दूसरे दलों में हैं। अपार धन-दौलत वाले इस नेता का कनेक्शन उस शख्स से भी है जिसने एक वक्त सभी राजनीतिक दलों को सैकड़ों करोड़ का चंदा दिया। इस नेता का नाम है जोस चार्ल्स मार्टिन। लाचिया जननायगा काची (LJK) के मुखिया जोस चार्ल्स मार्टिन ने अपनी संपत्ति 609 करोड़ रुपये घोषित की है और वह 'लॉटरी किंग' कहे जाने वाले सैंटियागो मार्टिन के बेटे हैं और इस पुडुचेरी में विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं।
सैंटियागो मार्टिन वही शख्स हैं जिनकी कंपनी फ्यूचर गेमिंग एंड होटल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड ने 2019 से 2024 के बीच 1368 करोड़ रुपये के इलेक्टोरल बॉन्ड खरीदकर अलग-अलग राजनीतिक दलों को चंदा दिया था। इसमें से सबसे ज्यादा चंदा भारतीय जनता पार्टी (BJP), द्रविड़ मुनेत्र कझगम (DMK) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) को दिया गया। प्रवर्तन निदेशालय जैसी एजेंसियों के निशाने पर चल रहे सैंटियागो मार्टिन अभी भी आजाद हैं और उनके खिलाफ ऐसी कोई कार्रवाई भी नहीं हुई है जिससे उनका नुकसान हो। अब वह चंदा देने से आगे बढ़ गए हैं और उनके परिवार के नेता सीधे-सीधे चुना लड़ रहे हैं।
पुडुचेरी और तमिलनाडु में बड़े गेम की तैयारी
पुडुचेरी में ऑल इंडिया एन आर कांग्रेस (AINRC) और बीजेपी के गठबंधन वाली सरकार है। AIADMK भी इसी में शामिल है। इस बार जब AINRC और बीजेपी के बीच सीटों का बंटवारा हुआ तो AINRC ने साफ कहा कि कोई और पार्टी इस गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी। इसके बावजूद बीजेपी ने अपने खाते की एक सीट जोस चार्ल्स मार्टिन को दे दी। वह कामराज नगर से NDA के उम्मीदवार हैं। वह 609 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित करके और चर्चा में आ गए हैं। बीजेपी के नेता भी उनके साथ प्रचार में दिख रहे हैं।
यह भी पढ़ें: मतभेद और बगावत से जन्मी नई पार्टी, क्या है पुडुचेरी के CM रंगासामी की कहानी?
जोस चार्ल्स मार्टिन खुद अपनी पार्टी LJK के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, सैंटियागो मार्टिन की पत्नी लीमा रोज मार्टिन तमिलनाडु की लालगुडी सीट से AIADMK के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ रही हैं यानी परिवार के दो सदस्य दो अलग-अलग दलों में हैं। वहीं, सैंटियागो मार्टिन के दामाद यानी आढव अर्जुन थलपति विजय की तमिलागा वेट्री कझगम (TVK) के बड़े नेताओं में शामिल हैं और उसी के टिकट पर चेन्नई की विल्लीवक्कम सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
कौन हैं जोस चार्ल्स मार्टिन?
सैंटियागो मार्टिन के बेटे होने के अलावा जोस चार्ल्स मार्टिन की खुद की पहचान एक कारोबारी की रही है। वह साल 2015 में बीजेपी में भी शामिल हुए थे लेकिन अब उन्होंने खुद की पार्टी बना ली है। लंबे समय से चेन्नई में रहने वाले जोस चार्ल्स मार्टिन का कहना है कि वह पुडुचेरी को सिंगापुर और हॉन्ग कॉन्ग की तरह बनाना चाहते हैं। उनके पुडुचेरी से न होने के चलते ही AINRC ने विरोध जताया था। उसका कहना है कि वह ऐसी संस्कृति के समर्थन में नहीं है जिसमें पुडुचेरी से कोई ताल्लुक न रखने वाला एक अमीर आदमी सत्ता पर काबिज होने की कोशिश करे।
यह भी पढ़ें: 3 राज्यों तक क्यों फैली है केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की सीमा? इतिहास से समझिए
अब देखना यह होगा कि मार्टिन परिवार की यह राजनीति कितनी सफल होती है और अगर पुडुचेरी में NDA की सरकार फिर से बनती है और जोस चार्ल्स मार्टिन जीतकर आते हैं तो उनकी क्या भूमिका होती है।
