अमेरिका की डोनाल्ड ट्रंप सरकार ने विदेशी नागरिकों को लेकर एक नया और सख्त नियम लागू किया है। अब जो भी विदेशी नागरिक 30 दिनों से अधिक समय तक अमेरिका में रहेंगे, उन्हें सरकार के पास रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। अगर कोई ऐसा नहीं करता है, तो उसे जुर्माना और जेल की सज़ा दोनों हो सकती है।

 

होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए कहा है कि जो भी व्यक्ति बिना वैध दस्तावेज के अमेरिका में रह रहा है, उसे खुद से देश छोड़ देना चाहिए। इस प्रक्रिया को 'Self-Deportation' कहा जाता है, यानी खुद से वापस अपने देश लौटना।

 

पोस्ट में कहा गया कि यदि कोई व्यक्ति खुद से देश छोड़ता है तो उसे कुछ फायदे मिल सकते हैं। जैसे कि वह अपनी मर्जी से फ्लाइट चुन सकता है, और अगर वह कोई आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं है तो अमेरिका में कमाया गया पैसा भी अपने साथ ले जा सकता है।

 

खुद से देश छोड़ने से होगा फायदा

सरकार ने बताया कि खुद से देश छोड़ने वाले व्यक्तियों को भविष्य में कानूनी रूप से अमेरिका वापस आने का मौका भी मिल सकता है। साथ ही, अगर किसी के पास वापसी का खर्च नहीं है तो वह सरकारी सहायता से रियायती फ्लाइट भी ले सकता है। इस तरह की वापसी को सरकार सुरक्षित और सम्मानजनक तरीका मानती है।

 

H-1B स्टूडेंट वीज़ा पर लागू नहीं

यह नया नियम सीधे तौर पर H-1B वीज़ा (जो पेशेवर काम के लिए दिया जाता है) या स्टूडेंट वीज़ा पर रहने वालों पर लागू नहीं होता है। लेकिन इसका मतलब यह ज़रूर है कि अमेरिका अब कानूनों को और सख्ती से लागू करेगा।

 

 

उदाहरण के लिए, अगर कोई H-1B वीज़ा धारक अपनी नौकरी खो देता है और निर्धारित समय पर देश नहीं छोड़ता, तो उस पर भी कार्रवाई हो सकती है। इसी तरह, स्टूडेंट वीज़ा वालों को भी ध्यान रखना होगा कि उनका वीज़ा वैध है और वे नियमों का पालन कर रहे हैं।

 

नियम नहीं मानने पर क्या हो सकता है?

अगर कोई व्यक्ति सरकार को सूचना दिए बिना अमेरिका में अवैध रूप से रह रहा है, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। सरकार के अनुसार अगर किसी को देश छोड़ने का अंतिम आदेश मिल चुका है और वह फिर भी रुकता है, तो प्रतिदिन के हिसाब से $998 का जुर्माना लग सकता है।

 

अगर कोई व्यक्ति खुद से देश छोड़ने का वादा करता है लेकिन नहीं जाता, तो $1000 से $5000 तक का जुर्माना लग सकता है। इसके अलावा, जेल की सज़ा भी दी जा सकती है। ऐसा व्यक्ति भविष्य में अमेरिका के लिए वीज़ा या इमीग्रेशन की पात्रता खो सकता है।

 

क्यों लिया गया ये सख्त फैसला?

कहा जा रहा है कि अमेरिका में अवैध रूप से रहने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कई लोग वीज़ा लेकर आते हैं लेकिन समय समाप्त होने के बाद भी वापस नहीं लौटते। इससे सरकार को सुरक्षा, आवास, रोजगार और संसाधनों की समस्याएं होती हैं।

 

डोनाल्ड ट्रंप सरकार पहले से ही अवैध इमीग्रेशन के खिलाफ सख्त नीति अपनाती रही है। ये नया नियम इसी कड़ी का हिस्सा है। सरकार चाहती है कि सभी विदेशी नागरिक नियमों का पालन करें, और जो बिना अनुमति रह रहे हैं, वे खुद से देश छोड़ दें, ताकि भविष्य में उनके लिए रास्ते खुले रहें।