बांग्लादेश में एक अन्य हिंदू व्यापारी की हत्या का मामला सामने आया है। आम चुनाव से ठीक दो दिन पहले हिंदू की हत्या से समुदाय में आक्रोश है। यह हिंदुओं की हत्या का कोई इकलौता उदाहरण नहीं है। इसी साल जनवरी महीने में गैरेज में सो रहे चंचल भद्र भौमिक को जिंदा जलाकर मार डाला गया था। 

 

बीडीन्यूज 24 के मुताबिक सोमवार को मयमनसिंह इलाके में वारदात को अंजाम दिया गया। मृतक की पहचान सुसेन चंद्र सरकार (62) के तौर पर हुई है। वह चावल का व्यापारी थी। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।

 

यह भी पढ़ें: अचानक बीच सड़क पर लैंड कर दिया प्लेन, दो कारों से टकराया, वीडियो वायरल

 

त्रिशाल थाने की पुलिस की मुताबिक सुसेन चंद्र सरकार साउथकंडा गांव का रहने वाला था। बोगर बाजार चौराहे पर सुसेन की भाई भाई एंटरप्राइज नाम से दुकान थी। बदमाशों ने दुकान में घुसकर सुसेन को मौत के घाट उतारा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाहर से शटर बंद करके भाग निकले।

 

इससे पहले मयमनसिंह जिले के मास्टरबारी चौक इलाके में 18 दिसंबर को दीपू दास की भीड़ ने न केवल पीट-पीटकर हत्या की थी, बल्कि उसे जिंदा जला दिया था। छात्र नेता उस्मान हादी की मौत के बाद दीपू दास को भीड़ ने अपना शिकार बनाया था। उस पर ईशनिंदा का फर्जी आरोप लगाया गया था। हत्या के करीब दो महीने बाद बांग्लादेश सरकार ने दीपू के परिवार को 29 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी। 

 

यह भी पढ़ें: नितेश राणे का विवादित बयान, सलमान खान को बताया उद्धव ठाकरे से 'ज्यादा हिंदू'

बांग्लादेश में इन हिंदुओं की हुई हत्या?

  • 2 दिसंबर: नरसिंगदी में ज्वैलर प्रांतोष सरकार की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
  • 7 दिसंबर को जोगेश चंद्र रॉय और उनकी पत्नी शुबर्णा रॉय की हत्या।
  • 18 दिसंबर: मैमनसिंह में दीपू चंद्र दास की पीट-पीटकर हत्या और शव को आग लगा दिया गया।
  • 24 दिसंबर: राजबाड़ी जिले में अमृत मंडल की पीट-पीटकर हत्या। जबरन वसूली का आरोप लगा। 
  • 31 दिसंबर: 50 वर्षीय खोकन चंद्र दास पर हमला। बदमाशों ने आग लगाई, 3 दिन बाद मौत हुई।
  • 5 जनवरी: चारसिंधुर बाजार में मोनी चक्रवर्ती की धारदार हथियार से निर्मम हत्या।
  • 5 जनवरी: 'दैनिक बीडी खबर' के कार्यकारी संपादक राणा प्रताप बैरागी की हत्या।
  • 6 जनवरी: भीड़ हमले के कारण नहर में डूबने से 25 साल के मिथुन सरकार की मौत।
  • 25 जनवरी: कट्टरपंथियों ने चंचल चंद्र भौमिक को जिंदा जलाकर मार डाला।
  • 10 फरवरी: दुकान में घुसकर सुसेन चंद्र सरकार की निर्मम हत्या