ईरान अब अमेरिका के साथ परमाणु वार्ता करने पर सहमत हो गया है। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने विदेश मंत्री को अमेरिका के साथ निष्पक्ष और बराबरी के स्तर पर बातचीत करने का निर्देश दिया है। हालांकि ईरान ने तुर्की की जगह ओमान में बातचीत करने का प्रस्ताव रखा। इस पर अभी अमेरिका की प्रतिक्रिया नहीं आई है। डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा कि अमेरिका अभी ईरान के साथ बातचीत कर रहा है। उधर, इजरायल ने ट्रंप को आगाह किया कि ईरान पर भरोसा नहीं किया जा सकता है।

 

बातचीत की पहल के बीच अमेरिकी नेवी ने एफ-35 फाइटर जेट विमान से ईरान के शाहेद-139 ड्रोन को मार गिराया है। अमेरिकी सेना का आरोप है कि ईरानी ड्रोन यूएसएस अब्राहम लिंकन एयरक्राफ्ट करियर के करीब आ रहा था। ईरान के तट से करीब 805 किमी दूर ड्रोन को मार गिराया गया है। इसके अलावा अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी नौकाओं पर अमेरिकी झंडे वाले टैंकरों को परेशान करने का भी आरोप लगाया।

 

यह भी पढ़ें: ईरान की राजधानी तेहरान में लगी भीषण आग, दूर तक दिखाई पड़ रहीं लपटें

 

डिफेंसिव सपोर्ट से टैंकर को बचाया

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने कहा कि ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRCG) ने अमेरिकी झंडा के साथ जा रहे अमेरिकी क्रू वाले मर्चेंट जहाज स्टेना इम्पेरेटिवज को परेशान किया। दो नाव और एक ईरानी मोहजर ड्रोन टैंकर के करीब आए। उन्होंने टैंकर को जब्त करने की धमकी दी। ब्रिटिश मिलिट्री के यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर ने बताया कि डिस्ट्रॉयर यूएसएस मैकफॉल ने तुरंत जवाब दिया और जहाज को डिफेंसिव एयर सपोर्ट के साथ एस्कॉर्ट किया।

नेतन्याह से मिले विटकॉफ

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि अगले हफ्ते तुर्की में ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ईरानी अधिकारियों से बात करेंगे। मंगलवार को विटकॉफ ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी मुलाकात की। मीटिंग में नेतन्याहू ने विटकॉफ को ईरान के प्रति आगाह किया और कहा कि ईरान पर भरोसा नहीं किया जा सकता है। उन्होंने इजरायल की मांग को भी दोहराया।

 

यह भी पढ़ें: क्या सच्ची में रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा भारत? क्रेमलिन से जवाब आ गया

इजरायल क्या चाहता है?

  • संवर्धित यूरेनियम सौंपे ईरान
  • आगे यूरेनियम के संवर्धन पर रोक लगे
  • बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम रोके ईरान