विदेश मंत्री एस जयशंकर डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए वाशिंगटन डीसी पहुंच गए हैं। जयशंकर डोनाल्ड ट्रंप के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक निजी पत्र लेकर गए हैं। दरअसल, जयशंकर वॉशिंगटन डीसी में डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी के विशेष दूत के रूप में उनका प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

 

डोनाल्ड ट्रंप सोमवार (20 जनवरी) को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेंगे। उन्होंने चार साल सत्ता से बाहर रहने के बाद चुनाव में धामकेदार जीत हासिल की है। 

 

शपथ में ये मंत्री भी पहले जा चुके हैं 

 

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी के विशेष दूत के रूप में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मई 2023 में नाइजीरिया के राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे, जबकि तत्कालीन पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरेन रिजिजू नवंबर 2023 में मालदीव के राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे। सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी पिछले साल जुलाई में ईरान के राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर पीएम मोदी का प्रतिनिधित्व किया था। 

 

जेडी वेंस पहले लेंगे पद की शपथ

 

बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के समय के मुताबिक दोपहर 12 बजे (भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे) शपथ लेंगे। हालांकि, ट्रंप से पहले उपराष्ट्रपति के तौर पर जेडी वेंस पद की शपथ लेंगे। अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस ब्रेट कैवनौघ राष्ट्रपति को पद एंव गोपनीयता की शपथ दिलवाएंगे।

 

वॉशिंगटन में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता

 

डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण को लेकर वॉशिंगटन में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गई है। माना जा रहा है कि वॉशिंगटन में अब तक के सबसे कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। शहर में 25,000 से ज्यादा कानून प्रवर्तन और सैन्य कर्मी तैनात किए गए हैं और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 30 मील से ज्यादा एंटी-स्केल बाड़ लगाई गई है।