पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच 9 अक्टूबर के बाद से रिश्ते बेहद बिगड़ चुके हैं। पाकिस्तान की लगातार एयर स्ट्राइक से अफगान तालिबान न केवल खफा है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मुंहतोड़ जवाब देने में जुटा है। शुक्रवार की रात पाकिस्तान ने दोबारा एयर स्ट्राइक की। इसमें अफगानिस्तान के तीन क्रिकेटरों समेत 10 नागरिकों के हताहत होने की खबर है। जवाब में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान की कई चौकियों को निशाना बनाया। रातभर दोनों देशों के बीच झड़प जारी रही।

 

एक हफ्ते के भीतर अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीज यह दूसरी झड़प है। पहली झड़प के बाद सऊदी अरब और कतर की मध्यस्थता के बाद दोनों देशों के बीच 48 घंटे का युद्ध विराम लागू हुआ था। शुक्रवार शाम को समयसीमा खत्म होने के तुरंत बाद पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर एक बार फिर हमला कर दिया। अब दोनों देशों के प्रतिनिधि दोहा में मुलाकात करेंगे। यहां कतर की मध्यस्थता से दोबारा सीजफायर होने की उम्मीद है।

 

यह भी पढ़ें:  TTP ने पाकिस्तान को कितने जख्म दिए, नूर वली से क्यों डरे मुनीर?

मिट्टी में मिला देंगे: मुनीर

पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल सैयद असीम मुनीर ने अफगानिस्तान को मिट्टी में मिलने वाली धमकी दी है। शनिवार को मुनीर ने कहा कि अफगानिस्तान को शांति और अराजकता में किसी एक को चुनना होगा। तालिबान को अपनी धरती पर आतंकियों के खिलाफ निर्णायक एक्शन लेना होगा। मुनीर ने आगे चेतावनी दी कि अफगानिस्तान की धरती का इस्तेमाल करने वाले सभी आतंकवादियों को मिट्टी में मिला देने जैसा जवाब दिया जाएगा। इस बीच, तालिबान सरकार के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तानी हमलों और अफगानिस्तान की संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा की। उनका कहना है कि ऐसी हरकतें उकसावे वाली कार्रवाई हैं। इन्हें संघर्ष को लंबा खींचने की जानबूझकर की गई कोशिश माना जाएगा। 

'अफगानों को छोड़ना पड़ेगा पाकिस्तान'

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने पाकिस्तान में रहने वाले अफगानों को बड़ी धमकी दी है। उनका कहना है कि सभी अफगानों को पाकिस्तान छोड़कर जाना होगा। ख्वाजा आसिफ ने यह भी बात मानी है कि अफगानिस्तान के साथ रिश्ते बेहद बिगड़ चुके हैं। शायद अब काबुल के साथ संबंध कभी सामान्य नहीं हो पाएंगे। ख्वाजा आसिफ ने अफगानों पर तंज कसा और कहा कि काबुल में उनकी अपनी सरकार है। हमारी जमीन और संसाधन 25 करोड़ पाकिस्तानियों के हैं।

भारत का क्यों नाम ले रहा पाकिस्तान?

कुछ दिन पहले ही तालिबान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी ने भारत का छह दिवसीय दौरा किया। पाकिस्तान को यह बात पसंद नहीं आई। अब पाकिस्तान तालिबान पर भारत की गोद में खेलने का आरोप लगा रहा है। ख्वाजा आसिफ ने एक्स पर एक पोस्ट किया। इसमें उन्होंने भारत और तालिबान दोनों पर निशाना साधा। आसिफ ने कहा, काबुल के शासक, जो अब भारत की गोद में बैठकर पाकिस्तान के खिलाफ साजिश रच रहे हैं, कभी हमारी जमीन पर छिपे थे।

 

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के आर्मी कैंप पर आत्मघाती हमला, 7 सैनिकों की मौत, देखें वीडियो

ट्राई सीरीज नहीं खेलेगा अफगानिस्तान


पाकिस्तान ने शुक्रवार की रात अफगानिस्तान की पक्तिका प्रांत के उरगुन जिले में एयर स्ट्राइक की। इसमें तीन क्रिकेटरों की समेत 10 नागरिकों की जान गई। पाकिस्तान के इस कदम की पूरी दुनिया में निंदा हो रही है। इस बीच अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ऐलान किया है कि वह पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ होने वाली त्रिकोणीय सीरीज में हिस्सा नहीं लेगा। अफगान क्रिकेटर राशिद खान ने भी पाकिस्तानी हमले की निंदा की और घटना पर दुख व्यक्त किया।

दोहा बैठक पर सबकी निगाहें

कतर एक बार फिर दोनों देशों के बीच तनाव कम करने की कोशिश में जुटा है। शनिवार को पाकिस्तान और अफगानिस्तान का प्रतिनिधिमंडल कतर की राजधानी दोहा पहुंचेगा। तालिबान के मुताबिक उसके प्रतिनिधिमंडल में रक्षा मंत्री और राष्ट्रीय खुफिया एजेंसी के प्रमुख होंगे। पाकिस्तान का प्रधिनिधिमंडल शनिवार को रवाना होगा। हालांकि कौन-कौन इसमें होगा, इसका खुलासा नहीं हुआ है।